ETV Bharat / state

माउंट आबू में कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान 1 डिग्री तक लुढ़का, ओस की बूंदें बनी बर्फ

राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री तक लुढ़क गया, ओस जमकर बर्फ जैसी परत बनी.

MOUNT ABU WEATHER
कड़ाके ठंड से गाड़ियों के ऊपर जमी बर्फ (ETV Bharat Sirohi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 29, 2025 at 8:36 AM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर/सिरोही: प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट देखने को मिल रही है. रविवार रात को ठंडी हवाओं के प्रभाव से माउंट आबू के मैदानों में सुबह ओस की बूंदे बर्फ के रूप में जम गई. मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 दिसंबर से 1 जनवरी को राज्य के बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के कुछ भागों में हल्की बारिश-मावठ होने की संभावना है.

इस बीच राज्य के उत्तरी और पश्चिमी भागों में जनवरी के पहले सप्ताह में घना कोहरा भी दर्ज होने की संभावना है. राज्य के अधिकांश भागों में आगामी तीन-चार दिन न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने की संभावना है. वहीं, राजधानी जयपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. इसके साथ ही अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और 09 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं.

माउंट आबू में कड़ाके की ठंड (ETV Bharat Sirohi)

इसे भी पढ़ें- राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर, अगले दो दिन शीतलहर की चेतावनी

सुबह और शाम रहेगा कोहरे का असर: मौसम विभाग के मुताबिक 5 जनवरी तक राज्य के तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. इस बीच राज्य के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में ठंडी हवाओं का प्रभावी असर देखने को मिलेगा. इसके बाद नए साल में पहले सप्ताह के दौरान राज्य के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. 1 जनवरी तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेस के एक्टिव होने से 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की मावठ की संभावना है. इस वजह से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को जारी पिछले 24 घंटों के आंकड़ों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में कई जगह हल्की ठंड बनी रही. इस दौरान माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस पर रहा और यहां अल सुबह कार पर बर्फ की परत जमी हुई नजर आई.

इसे भी पढ़ें- राजस्थान में सर्दी: शेखावाटी में पांच से नीचे पहुंचा पारा, फतेहपुर @ 1 डिग्री

पूर्वी राजस्थान में फतेहपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान भी फतेहपुर में ही 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो क्षेत्र में सबसे कम रहा. चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री, पिलानी में 26.5 डिग्री और दौसा में 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अलवर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री और सीकर में 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा.

पश्चिमी राजस्थान में दिन गर्म, रातें ठंडी: पश्चिमी राजस्थान में बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जैसलमेर में 27.7 डिग्री, जोधपुर शहर में 27.5 डिग्री और बीकानेर में 27.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा. न्यूनतम तापमान की बात करें तो पाली में 5.1 डिग्री, चूरू में 6.3 डिग्री और जालोर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

राजस्थान के इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू में सोमवार को सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाए. मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. तड़के सुबह कई इलाकों में ओस जमने से पेड़-पौधों, वाहनों की छतों और खुले मैदानों पर सफेद परत जम गई, जो बर्फ की चादर जैसी नजर आ रही है. गुरुशिखर, देलवाड़ा, अचलगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सर्द हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है.

गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ी
गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ी (ETV Bharat Sirohi)

इसे भी पढ़ें- राजस्थान में सर्दी का सितम जारी, कई जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी @ 20 मीटर

पर्यटकों के लिए आकर्षण बनी ठंड: हालांकि, यह कड़ाके की सर्दी पर्यटकों के लिए किसी आकर्षण से कम नहीं है. देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में सैलानी माउंट आबू पहुंच रहे हैं और ठंडे मौसम का जमकर आनंद ले रहे हैं. नक्की लेक, टॉड रॉक, हनीमून पॉइंट और सनसेट पॉइंट पर सुबह से ही पर्यटकों की चहल-पहल देखी जा रही है. लोग ऊनी कपड़ों में लिपटे सेल्फी लेते, गरम चाय-कॉफी पीते और स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठाते नजर आए. नववर्ष के चलते पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें- जानें अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम, जनवरी में दूसरे हफ्ते बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, IMD ने जारी किया अलर्ट

बाजारों में रौनक, होटल फुल बुक: पर्यटकों की भीड़ से स्थानीय बाजारों में भी रौनक लौट आई है. ऊनी कपड़े, जैकेट, मफलर, टोपियां और शॉल की मांग बढ़ गई है. होटल और गेस्ट हाउस पूरी तरह बुक हो रहे हैं, जिससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं. होटल संचालकों का कहना है कि वीकेंड और नए साल के आसपास पर्यटकों की भीड़ और बढ़ेगी.

आम जनजीवन पर असर: वहीं, आम जनजीवन पर भी ठंड का असर पड़ रहा है. सुबह-शाम अधिक ठंड होने से लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं. बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. स्वास्थ्य विभाग ने गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट संभव है. ऐसे में माउंट आबू में ठंड का यह दौर जारी रहेगा, जो सैलानियों के लिए यादगार पल प्रदान कर रहा है, वहीं स्थानीय लोगों के लिए सावधानी की घंटी बजा रहा है.

इसे भी पढ़ें- सर्दी का सितम : कई जगहों पर दिन में भी छाया घना कोहरा, अलाव तापते नजर आए लोग

धौलपुर में घने कोहरे का कहर: वहीं, धौलपुर जिले में पिछले तीन दिनों से मौसम खराब बना हुआ है. सर्द हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है. सोमवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी महज 10-15 मीटर रह गई, जिससे हाईवे और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई. चालक हेडलाइट जलाकर धीरे-धीरे वाहन चला रहे हैं.

शीतलहर से बचने के लिए लोग अलाव ताप रहे हैं. सुबह-शाम ठंड के कारण बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया है. कोचिंग जाने वाले छात्रों और काम पर निकलने वालों को खासी परेशानी हो रही है. कोहरा और ठंड रबी फसलों के लिए नुकसानदेह साबित हो रही है. किसानों का कहना है कि सरसों, आलू, गेहूं, चना और मटर की फसलों में नमी व आद्रता बढ़ने से नुकसान की आशंका है. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में घना कोहरा, शीतलहर और कड़ाकी ठंड जारी रहने की चेतावनी दी है.

इसे भी पढ़ें- राजस्थान में सर्दी: शेखावाटी में पांच से नीचे पहुंचा पारा, फतेहपुर @ 1 डिग्री