विधानसभा में उठा मोबाइल और ऑनलाइन सट्टे की लत का मामला, विधायक समरजीत बोले- खेलते-खेलते बिल्डिंग से कूद जाते हैं युवा
युवा मामलों की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान विधायक समरजीत सिंह ने मोबाइल लत और अशोक चांदना ने ऑनलाइन सट्टे का मामला उठाया.

Published : February 19, 2026 at 5:32 PM IST
जयपुर: राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को खेल और युवा मामलों की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान मोबाइल की लत का मामला सदन में उठा. भीनमाल से कांग्रेस विधायक समरजीत सिंह ने इस मामले को उठाते हुए चिंता जाहिर की और इस पर कड़े कदम उठाने की मांग की. उन्होंने कहा कि आज मोबाइल के नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है. पहले सुबह उठते ही चाय पीते हुए अखबार देखे जाते थे, लेकिन आज मोबाइल फोन देखा जाता है. खेलों में भी मोबाइल फोन घुस गया है. बच्चे मैदान में नहीं खेलते, बल्कि मोबाइल पर गेम खेलते हैं और उसी के चक्कर में आत्महत्या के मामले भी बढ़ रहे हैं. अनुदान मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस विधायक अशोक चांदना ने ऑनलाइन सट्टा का मामले को सदन में उठाया और इस पर सरकार से गंभीरता से काम करने की मांग की.
भीनमाल विधायक ने चर्चा के दौरान कहा कि ऐसे मोबाइल गेम आ गए हैं कि बच्चे मोबाइल पर गेम खेलते-खेलते बिल्डिंग से छलांग लगा देते हैं. ऐसे समय में हमें आउटडोर खेलों को बढ़ावा देना चाहिए. समरजीत सिंह ने कहा कि जब युवा भटकता है तो सरकारें हिल जाती हैं. नेपाल हो, बांग्लादेश हो, वहां पर युवाओं ने सरकारें बदल दी हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राजीव गांधी खेल अभियान चलाए, उसमें भाजपा ने खामियां निकालीं. भाजपा ने भी खेलो इंडिया और सांसद खेल करवाए, लेकिन जल्दबाजी में बिना गाइडलाइन के उन्हें करवाया गया, जिसमें बहुत खामियां सामने आईं. उन्होंने कहा कि हमारे पास इंफ्रास्ट्रक्चर है, सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए.
'नाम राजस्थान रॉयल्स मिला, कुछ नहीं': समरजीत सिंह ने आईपीएल मैचों को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि आईपीएल के पीछे दुनिया दीवानी है, लेकिन इस बार जयपुर में आईपीएल मैच होंगे या नहीं, इस पर संशय बना हुआ है. उन्होंने कहा कि व्यापारी लोग नाम तो राजस्थान रॉयल्स रखते हैं, लेकिन राजस्थान को कुछ नहीं देते. हम पर ही आरोप लगाते हैं कि मैच के टिकट लेने का दबाव बना रहे हैं, इसलिए सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि 1980 में जब दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेल हुए थे, तब सारे स्टेडियम बनाए गए थे. अब देश में डबल इंजन की सरकार है. 2036 में अहमदाबाद में ओलंपिक खेल होने की बात कही जा रही है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अहमदाबाद में गिफ्ट सिटी बन चुकी है, जहां शराब पर प्रतिबंध होने के बावजूद भी शराब मिलती है.
गांव-गांव फैल चुका ऑनलाइन सट्टा: राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को खेल व युवा मामलों की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने सरकार को घेर लिया. कांग्रेस विधायक अशोक चांदना ने ऑनलाइन सट्टे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह गांव-गांव में फैल चुका है और युवा इसकी चपेट में आकर आत्महत्या कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इन्हीं सट्टा कंपनियों से हजारों करोड़ का चंदा लिया. चांदना ने बेरोजगारी भत्ता न बढ़ाने पर सरकार को युवाओं की दुश्मन बताया और विभागों के निजीकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे आरक्षण बेकार हो जाएगा. वहीं, कांग्रेस विधायक रफीक खान ने राइजिंग राजस्थान के तहत जमीन आवंटन में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि पड़ासोली में 40 हेक्टेयर जमीन रातों-रात अलॉट की गई और प्रदेश में 50 हजार हेक्टेयर जमीन कौड़ियों के दाम बेची गई. उन्होंने आईफा के नाम पर शाहरुख खान को 100 करोड़ देने और अमेरिका के साथ ट्रेड डील को 'ट्रंप डील' बताते हुए कपड़ा उद्योग बर्बाद होने की आशंका जताई.

एपस्टीन फाइल्स के दबाव में डीलः कांग्रेस विधायक घनश्याम मेहर ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कहा कि एपस्टीन फाइल्स के दबाव में मोदी सरकार ने अमेरिका से डील की है. घनश्याम मेहर ने कहा देश और प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि एपस्टीन फाइल्स में कौन-कौन से मंत्री और उनके परिवार के लोग फंसे हुए हैं?. उन्होंने कहा कि सरकार ने अमेरिका के साथ समझौता करके किसानों के हितों पर कुठाराघात किया है. हम अमेरिका से माल लेंगे तो उस पर 0% टैरिफ लगेगा और हम माल देंगे तो उसे पर 18% टैरिफ लगेगा. दुर्भाग्य है कि सरकार दबाव में काम कर रही है. घनश्याम मेहर ने कहा कि इस देश में 'हम दो और हमारे दो' की नीति पर ही काम हो रहा है. केवल अडानी और अंबानी को ही सब कुछ दिया जा रहा है, हमारे प्रदेश के बहुत से ऐसे बिजनेसमैन हैं, जिन्होंने दुनिया में नाम रोशन किया है, लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अदानी पोर्ट पर डेढ़ लाख करोड़ की स्मैक पकड़ी गई. इसे कौन लोग ला रहे थे जो युवाओं को नशे में फंसा रहे हैं?. इस पर रोक लगाने की जरूरत है, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है. घनश्याम मेहर ने कहा कि भारत सरकार एआई समिट करवा रही है. उसमें गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने पूरे विश्व में हमारी बदनामी करा दी आज हम पूरे विश्व में बदनाम हो रहे हैं.
सांवलिया सेठ के 10किमी के दायरे में शराब-मीट की बिक्री पर लगे रोकः वैश्विक आस्था के केंद्र श्री सांवलियाजी मंदिर के अलावा नजदीकी स्थित शनि महाराज मंदिर के 10 किलोमीटर परिधि में शराब एवं मीट की बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठी है. कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने राजस्थान विधानसभा में इस विषय को उठाया है. राजस्थान विधानसभा में कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने नियम 295 के तहत गुरुवार को यह महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया. उन्होंने सदन को अवगत कराया कि करीब 250 वर्ष पूर्व प्रकट हुई श्री सांवलिया सेठ मंदिर मंडफिया की तीनों प्रतिमाएं भादसोड़ा, बागुंड एवं मंडफिया (सांवलियाजी) क्षेत्र में स्थापित हैं. यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. विशेष अवसरों पर यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शनार्थ आते हैं. साथ ही कुछ ही दूरी पर आली गांव स्थित शनि महाराज मंदिर भी श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है. उन्होंने सरकार से मांग की है कि मंदिर मड़फिया (सांवलियाजी), प्राकट्य स्थल भादसोड़ा–बागुंड तथा शनि महाराज मंदिर आली के 10-10 किलोमीटर की परिधि में संचालित शराब एवं मीट की दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए. इससे मंदिरों की पवित्रता, गरिमा एवं श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं की रक्षा सुनिश्चित हो सके. उन्होंने कहा कि यह मांग क्षेत्रवासियों और भक्तजनों की भावनाओं से जुड़ी हुई है. सरकार को इस पर सकारात्मक और संवेदनशील निर्णय लेना चाहिए.

