कोटा में न्यू ईयर पर कोचिंग स्टूडेंट्स के लिए सख्त पाबंदियां, डीजे पार्टी और बाहर घूमने पर पूरी तरह रोक
हॉस्टल एसोसिएशन ने नए साल के जश्न को लेकर गाइडलाइंस जारी की हैं, जिसमें छात्रों के बाहर जाने पर रोक लगाई है.

Published : December 31, 2025 at 1:24 PM IST
कोटा: देशभर में नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न का माहौल है, लेकिन कोचिंग कैपिटल कहे जाने वाले कोटा में मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स के लिए न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर कड़ी पाबंदियां लगा दी गई हैं. छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हॉस्टल एसोसिएशंस और पुलिस प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनके तहत कोचिंग एरिया में कोई डीजे पार्टी या बड़ा आयोजन नहीं हो सकेगा.
कोटा हॉस्टल एसोसिएशन ने दिए ये निर्देश: कोटा हॉस्टल एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन मित्तल ने बताया कि कोचिंग इलाके में किसी भी तरह का न्यू ईयर आयोजन प्रतिबंधित है. हॉस्टल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी हॉस्टल में डीजे नहीं बजना चाहिए. रात में छात्रों की अटेंडेंस अनिवार्य होगी और रात 10 बजे तक हॉस्टल के गेट लॉक कर दिए जाएंगे, ताकि कोई छात्र बाहर न निकल सके. इमरजेंसी या ट्रैवल के मामलों में छात्रों को बाहर जाने की अनुमति तभी मिलेगी, जब उनके अभिभावक सीधे हॉस्टल संचालक से फोन पर बात करेंगे. किसी रिजॉर्ट या निजी न्यू ईयर प्रोग्राम में शामिल होने की इजाजत नहीं दी जाएगी.

इसे भी पढ़ें- Explainer: सपनों के शहर कोटा की चौंकाने वाली हकीकत, 3 साल में आधे से कम हुए छात्र, जानिए क्यों
हॉस्टल एसोसिएशन की ओर से नोटिस जारी: कोरल पार्क हॉस्टल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि सभी हॉस्टल और पीजी संचालकों को नोटिस जारी कर निर्देश दिए गए हैं. पुलिस के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 31 दिसंबर की रात को 9 बजे तक सभी छात्रों की उपस्थिति ली जाएगी. अगर कोई छात्र बाहर घूमता पाया गया तो संबंधित हॉस्टल या पीजी संचालक पर कार्रवाई होगी.
सुनील अग्रवाल ने बताया कि हॉस्टल की छत पर जाने के रास्ते पूरी तरह बंद रखे जाएंगे और छत पर किसी को जाने की अनुमति नहीं होगी. किसी भी तरह की उत्तेजना या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य पर सख्त रोक है. हॉस्टल संचालकों को खुद अपने संस्थान में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं. एसोसिएशन ने छात्रों को रात 8 बजे से पहले हॉस्टल में रहने की सलाह दी है.
इसे भी पढ़ें- कोटा कोचिंग: छात्र घटे, अर्थव्यवस्था डगमगाई, दिल्ली की बैठक में बेहतर सुविधाएं देने का किया संकल्प
पुलिस प्रशासन की सख्ती: बोरखेड़ा थाना अधिकारी अनिल टेलर ने बताया कि हॉस्टल और पीजी संचालकों को न्यू ईयर की रात अपने परिसर में मौजूद रहने और अनावश्यक रूप से छात्रों को बाहर न घूमने देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. छत पर जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है. पुलिस का जाप्ता कोचिंग एरिया में तैनात रहेगा ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो.
छात्रों की सुरक्षा सबसे बड़ा कारण: ये निर्देश मुख्य रूप से छात्रों की सुरक्षा और कोटा में बढ़ते तनाव के मामलों को देखते हुए जारी किए गए हैं. हालांकि शहर के होटल, रिजॉर्ट और अन्य स्थानों पर न्यू ईयर सेलिब्रेशन जारी रहेगा, लेकिन कोचिंग स्टूडेंट्स को इनमें शामिल होने से रोका गया. प्रशासन का कहना है कि ये कदम छात्रों के हित में हैं, ताकि वे अपनी पढ़ाई पर फोकस रख सकें और सुरक्षित रहें.
इसे भी पढ़ें- कोटा में सफल छात्रों का 'विक्ट्री कार्निवल', गुदड़ी के लालों ने बताई संघर्ष की दास्तां

