युवती ने HRTC कंडक्टर को मारा थप्पड़, थाने तक पहुंच गया मामला
एक युवती ने एचआरटीसी बस कंडक्टर को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद बस को रास्ते में ही रोक दिया गया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 17, 2026 at 2:40 PM IST
|Updated : February 17, 2026 at 2:58 PM IST
हमीरपुर: हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो की एक बस में टिकट मांगने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. बस में सफर कर रही एक युवती ने टिकट मांगने पर कंडक्टर को थप्पड़ मार दिया. घटना के बाद कंडक्टर ने निगम प्रबंधन को शिकायत दी, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.
जानकारी के अनुसार बस घंघोट से हमीरपुर की ओर आ रही थी. इसी दौरान बस में बैठी एक युवती ने कानों में इयरफोन लगाए हुए थे. कंडक्टर बार-बार उससे टिकट के लिए पूछ रहा था, लेकिन इयरफोन होने के कारण युवती ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. बताया जा रहा है कि जब युवती की ओर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद कंडक्टर ने युवती को टिकट की याद दिलवाने के लिए उसके कंधे को हाथ की उंगलियों से थपथपाया. इसी बात पर युवती भड़क गई और उसने कंडक्टर को थप्पड़ जड़ दिया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस में सवार अन्य यात्रियों में भी हलचल मच गई और चालक को बस बीच रूट में ही रोकनी पड़ी. कंडक्टर ने तत्काल इसकी सूचना निगम प्रबंधन को दी.
दोनों पक्षों के बीच हुआ समझौता
सूचना मिलते ही निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस में मौजूद यात्रियों से घटना के संबंध में जानकारी ली गई. हालात को शांत करने के लिए युवती के अभिभावकों को भी मौके पर बुलाया गया. इसके बाद युवती के माता पिता उसे अपने साथ ले गए. वहीं एचआरटीसी हमीरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि 'घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई थी. दोनों पक्षों के बीच थाना स्तर पर आपसी समझौता हो गया है.'
वहीं, घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में इसको लेकर चर्चा का माहौल है. निगम प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रा के दौरान संयम और शालीनता बनाए रखें और किसी भी विवाद की स्थिति में नियमों का पालन करें.
ये भी पढ़ें: ये भी पढ़ें: कांग्रेस सरकार ने की थी बिना सोचे समझे कर्ज लेने की शुरुआत: जयराम ठाकुर

