ETV Bharat / state

भिवाड़ी अग्निकांड में 9वीं मौत, दिल्ली के अस्पताल में एक और घायल ने तोड़ा दम

भिवाड़ी के खुशखेड़ा में हुए पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या 9 हो गई है .

भिवाड़ी अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामला
भिवाड़ी अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामला (फोटो ईटीवी भारत बहरोड़)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 26, 2026 at 8:50 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

खैरथल: भिवाड़ी अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है. जिले के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे एक और मजदूर जुन्नु ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया था. इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 9 हो गई है.

भिवाड़ी एडिशनल एसपी अतुल साहू के मुताबिक यह भीषण हादसा 16 फरवरी को खुशखेड़ा की एक पटाखा निर्माण इकाई में हुआ था. फैक्ट्री में अचानक हुए जोरदार धमाके ने पूरी इमारत को हिला कर रख दिया था. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों तक सुनी गई. हादसे के वक्त फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे, जो आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए थे.

इसे भी पढ़ें: भिवाड़ी ब्लास्ट: पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक और मैनेजर को किया गिरफ्तार, धमाके में 7 लोगों की गई थी जान

​पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई : मामले की गंभीरता और शुरुआती जांच में सामने आई ढिलाई को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. खबर है कि डीएसटी (DST) इंचार्ज मुकेश वर्मा और सिपाही योगेश शर्मा सहित तीन पुलिसकर्मियों का जिला बदल दिया गया है. इन सभी का तबादला जिला मुख्यालय अलवर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक न लगा पाने के चलते यह गाज गिरी है.

​जांच में खुली पोल, 3 गिरफ्तार : प्रशासनिक जांच में यह साफ हो गया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई थीं. न तो मजदूरों का सही पंजीकरण था और न ही अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम. पुलिस अब तक इस मामले में फैक्ट्री संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इस हादसे के बाद सरकार के निर्देश पर भिवाड़ी और खुशखेड़ा की अन्य इकाइयों का सघन सर्वे शुरू कर दिया गया है. टीमें यह जांच रही हैं कि कहीं रिहायशी या औद्योगिक इलाकों में अवैध रूप से ज्वलनशील सामग्री का भंडारण तो नहीं हो रहा.

इसे भी पढ़ें: भिवाड़ी ब्लास्ट: मुख्य आरोपी फैक्ट्री मालिक को दिल्ली से पकड़ा, पूछताछ में हुए कई खुलासे