ETV Bharat / state

जानें कब खुलेगा चलौंठी बाईपास रोड, सड़क बंद होने से लोग परेशान

जियो टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन ने शुक्रवार को चलौंठी में धंस रही सड़क का निरीक्षण किया. वहां उपकरण लगाकर जमीन के अंदर की स्थिति का जायजा लिया.

चलौंठी में धंस रही सड़क का निरीक्षण
चलौंठी में धंस रही सड़क का निरीक्षण (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 7, 2026 at 9:15 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: राजधानी शिमला के संजौली के साथ लगते इलाके चलौंठी में धंस रही सड़क मामले में अब सड़क को खोलने के लिए प्रयास शुरू हो गए हैं. इसी को लेकर शुक्रवार को चलौंठी में टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन टीम ने मौके पर जाकर आधुनिक उपकरण से सड़क की जांच की. टीम ने 115 मीटर के दायरे में उपकरण लगाकर जमीन के अंदर की सतह का मुआयना किया और उसका डाटा स्टोर कर लिया, जिसे एक सॉफ्टवेयर के माध्यम से जांचा जाएगा कि सड़क के नीचे क्या स्थिति है.

यदि सड़क के नीचे पानी होगा या सड़क धंस रही होगी या अन्य कोई भी गतिविधि होगी, वह कंप्यूटर पर दिख जाएगी. इन्हीं की रिपोर्ट के आधार पर सड़क को यातायात के लिए खोला जाना है. बता दें कि 2 फरवरी को सड़क किनारे एक बड़ा गड्ढा बन जाने के कारण सड़क पर खतरा पैदा हो गया था. इस मौके पर प्रशासन वहां पहुंचा और उन्होंने सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया, लेकिन इसके बाद शहर में जाम लगना शुरू हो गया है. अब सभी गाड़ियां संजौली बाजार से होकर ढली की तरफ जा रही हैं, जिससे सड़क पर अब जाम की स्थिति पैदा हो गई है और मिनटों का सफर अब घंटे में तय हो रहा है.

शुक्रवार को हुआ सड़क का निरीक्षण

इसको लेकर उपायुक्त शिमला ने भी चिंता जाहिर की थी. उन्होंने विभाग को जल्द से जल्द सड़क का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट देने को कहा था. इसी को लेकर भारत कंस्ट्रक्शन जियो टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन की टीम ने शुक्रवार को चलौंठी में धंस रही सड़क का निरीक्षण किया और वहां सेंसिंग उपकरण लगाकर जमीन के अंदर की स्थिति का जायजा लिया. अब वो अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को देंगे और उसी आधार पर ही ये फैसला लिया जाएगा कि ये सड़क कब खोली जानी है.

आज सड़क के ऊपर बने मकानों का होगा निरीक्षण

वहीं, टीम अब शनिवार को सड़क के ऊपर बने मकानों का भी निरीक्षण करेगी, जहां घरों में दरारें आई हैं. टीम टनल के ऊपरी स्तर का भी निरीक्षण करने वाली है कि टनल की क्या स्थिति है और कहीं कोई समस्या तो उत्पन्न नहीं होगी. बता दें कि राजधानी शिमला के उपनगर संजौली के साथ लगते इलाके चलौंठी में निर्माणाधीन टनल के धंसने के बाद अब ऊपर बनी सड़क भी धंसना शुरू हो गई है. सोमवार शाम को अचानक सड़क पर एक बड़ा गड्ढा यहां बन गया था. चलौंठी में सड़क के ऊपर बने मकान खतरे की जद में है. यहां पर रह रहे लोगों में दहशत का माहौल है कि कहीं तेज बारिश हुई तो फिर क्या होगा? वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि चलौंठी में दिन-ब-दिन स्थिति बिगड़ती जा रही है. सड़क में जिस जगह पर पहले सिर्फ दरारें दिख रही थी, वहीं पर अब जमीन धंस गई है और गड्ढा बन गया है. स्थानीय लोगों ने गहरी आशंका जताई है कि निर्माणाधीन टनल के ऊपर का पूरा क्षेत्र ही अस्थिर बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: चंबा के भरमौर में 200 साल पुराना गिरड़ माता मंदिर जलकर राख, मूर्तियों को भी नुकसान