ETV Bharat / state

बीकानेर ऊंट उत्सव: ऊंट नृत्य और दौड़ ने किया रोमांचित, विदेशी सैलानियों में छाई राजस्थानी पगड़ी

बीकानेर के अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का दूसरा दिन रंगारंग रहा. ऊंट नृत्य, दौड़ और फर कटिंग ने देसी-विदेशी सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

नृत्य करता हुआ ऊंट
नृत्य करता हुआ ऊंट (ETV Bharat Bikaner)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 10, 2026 at 7:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बीकानेर: राजस्थान की संस्कृति और ऊंटों के महत्व को दुनिया के सामने लाने वाला अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का दूसरा दिन शनिवार को पूरी तरह ऊंटों के नाम रहा. तेज सर्दी के बावजूद दोपहर बाद निकली धूप ने उत्सव में नई रौनक भर दी. राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों ने देसी-विदेशी पर्यटकों को रोमांचित कर दिया.

ऊंट नृत्य और दौड़ बने मुख्य आकर्षण: दूसरे दिन ऊंट नृत्य और ऊंट दौड़ सबसे बड़ा आकर्षण बने. रंग-बिरंगी सजावट में सजे ऊंटों ने राजस्थानी लोक धुनों पर ऊंची छलांगें लगाईं और कमाल के करतब दिखाए. ठंडे मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में सैलानी इन प्रतियोगिताओं को देखने पहुंचे. विदेशी पर्यटकों में राजस्थानी पगड़ी पहनने का खास क्रेज देखने को मिला, जिसने माहौल को और भी रंगीन बना दिया.

अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का दूसरा दिन रंगारंग रहा (ETV Bharat Bikaner)

इसे भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय ऊंट महोत्सव का भव्य आगाज, संस्कृति और परंपरा की दिखी झलक

विदेशी मेहमानों में देसी संस्कृति का जादू: पर्यटन विभाग का यह आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने में काफी सफल साबित हुआ. देश-विदेश से आए पर्यटकों ने राजस्थानी संस्कृति की जमकर सराहना की. इटली से आई एक पर्यटक ने कहा कि वह पहली बार बीकानेर आई हैं और यह ऊंट उत्सव उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है. उन्होंने इन यादों को कैमरे में कैद किया.

ऊंटों के शरीर पर की गई फर कटिंग
ऊंटों के शरीर पर की गई फर कटिंग (ETV Bharat Bikaner)

फिर कटिंग ने सबको अभिभूत किया: ऊंटों के शरीर पर की गई खास फर कटिंग (बालों की कला) इस बार खास रही. विभिन्न आकृतियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के संदेश वाली डिजाइनें देखकर सैलानी हैरान रह गए. यह कला ऊंटों को और भी आकर्षक बनाती है.

सुधार की मांग और सकारात्मक प्रतिक्रिया: 25 साल से उत्सव में भाग ले रहे किशोर सिंह ने कहा कि यह आयोजन राजस्थान की संस्कृति को वैश्विक मंच पर ले जाता है, लेकिन कुछ सुधारों की जरूरत है ताकि इसका महत्व बना रहे. वहीं स्थानीय निवासी घनश्याम ने पहली बार परिवार संग आने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद यादगार रहा.

बीकानेर ऊंट उत्सव
कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां (ETV Bharat Bikaner)

इसे भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव : साल भर मेहनत और खास देखभाल, तब दिखता है 'रौबीला अंदाज'

तीसरे दिन (रविवार) के प्रमुख कार्यक्रम: पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक महेश व्यास के अनुसार, रविवार को रायसर के रेतीले धोरों पर सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक टग ऑफ वॉर, रैसलिंग, कबड्डी, खो-खो, टर्बन टाइंग, वूमेन मटका रेस और ड्यून्स रेस जैसी प्रतियोगिताएं होंगी. दोपहर 1:30 से शाम 6 बजे तक कैमल कार्ट सफारी, हॉर्स रेसिंग, हॉट एयर बैलून, ड्यून्स बाशिंग, सैंड आर्ट एग्जिबिशन और हैंडीक्राफ्ट एडवेंचर गतिविधियां रहेंगी. शाम 6 से 10 बजे तक सेलिब्रिटी नाइट और फायर डांस की शानदार प्रस्तुति होगी.

International Camel Festival
राजस्थानी पगड़ी पहने विदेशी पर्यटक (ETV Bharat Bikaner)