बनारस में बार एसोसिएशन के चुनावों में दिखा अधिवक्ताओं का जोश, 76 फीसदी मतदान हुआ, 4 को आएंगे नतीजे
शुक्रवार को दी बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में 5613 वोटर्स में से 4312 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 11:06 PM IST
वाराणसी: दी बनारस बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न हुआ. इस दौरान कुल 76.86 % प्रतिशत मत पड़े. जिसमें 5613 मतदाता में से 4312 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक था. सुबह मतदान की गति धीमी रही. वहीं समय बढ़ने के साथ ही मतदान की गति भी बढ़ती गयी. इस दौरान बहुत से मतदाता सीओपी न होने व न लाने के चलते मतदान देने से वंचित रह गये.
4 जनवरी को चुनाव परिणाम आएगा: मतदान के लिए 17 टेबल व 59 बूथों बनाए गए थे. वोटरों को दीवानी न्यायालय परिसर से होकर बनारस बार के सभागार में बने बूथ में वोट डालकर सभागार की दूसरी गेट से बाहर निकलने की व्यवस्था की गई थी. मतदान सम्पन्न होने के बाद मतपेटियों को प्रत्याशियों के सामने सील कर सुरक्षित रखवा दिया गया. वोटों की गिनती 4 जनवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होकर परिणाम आने तक जारी रहेगी.

कई सहायक चुनाव अधिकारी तैनात किये गए: एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अमरनाथ शर्मा व वरिष्ठ समिति सदस्यगण सुरेश श्रीवास्तव, प्रमोद पाठक, नरेंद्र शर्मा व शमीम अहमद ने बताया कि चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ समिति सदस्यों में तारक नाथ गांगुली, प्रदीप श्रीवास्तव, कमलेश यादव, अजय वरनवाल के अतिरिक्त कई सहायक चुनाव अधिकारियों को लगाया गया था. जिन्होंने चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने में अपना विशेष योगदान दिया. वहीं चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस फोर्स की भी व्यवस्था की गयी थी.
20 पदों पर कुल 77 प्रत्याशी मैदान में हैं: पूर्वांचल में सबसे बड़े अधिवक्ता संगठन सेंट्रल वार एसोसिएशन के लिए मतदान शनिवार को सुबह 10 बजे से 4 बजे के बीच सम्पन्न होगा. जिसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है. एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधेलाल श्रीवास्तव व सदस्य संतोष कुमार सिंह ने बताया अध्यक्ष व महामंत्री समेत 20 पदों पर कुल 77 प्रत्याशी मैदान में है. उनके लिए कुल 7636 मतदाता मतदान करेंगे. मतदान के लिए 95 मत बूथ और 17 मतपत्र टेबल लगाए जायेंगे.

60 सहायक चुनाव अधिकारी रख रहे नजर: इसमें आजीवन सदस्यों के लिए भूतल पर मतदान की व्यवस्था की गयी हैं, जबकि साधारण सदस्यों के लिए प्रथम तल पर व्यवस्था की गयी है. वहीं चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 60 सहायक चुनाव अधिकारी को लगाया गया है.
यह भी पढ़ें- पुलिस की गलती के कारण निर्दोष होते हुए भी बुजुर्ग किसान ने 12 साल तक लगाए कोर्ट के चक्कर, अब अदालत ने किया बरी

