ETV Bharat / state

कलसिया पुल विस्तार के लिए अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, नोटिस के बाद की गई कार्रवाई

काठगोदाम क्षेत्र में पुल के स्थायी निर्माण और विस्तार कार्य में आड़े आ रहे अतिक्रमण को हटाया गया.

Haldwani Encroachment Demolished
अतिक्रमण पर चला बुलडोजर (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 2, 2026 at 8:30 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के विस्तार कार्य को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुल के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाया. जेसीबी मशीनों की मदद से की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने किया. प्रशासन का लक्ष्य मानसून से पहले पुल निर्माण कार्य पूरा करना है.

काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के स्थायी निर्माण और विस्तार कार्य को गति देने के लिए सोमवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों के जरिए पुल के आसपास किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया. इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे. दरअसल, पिछले लंबे समय से लगातार बारिश और बरसात के चलते कलसिया पुल क्षतिग्रस्त हो गया था.

कुछ साल पूर्व बारिश के कारण कलसिया नाले पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था. जिसके बाद एक अस्थायी वेली पुल का निर्माण किया गया था. अब शासन द्वारा स्थाई पुल के निर्माण के लिए धनराशि दी गई है. पुल का काम होना है, इसके लिए वैकल्पिक पुल बनाया जाना है. पुल के आसपास अतिक्रमण किया गया है. पूर्व में नोटिस दिए गए थे, लेकिन लोगों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया. जिसके बाद प्रशासन की टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है.
एपी बाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेड

पुल की खराब स्थिति को देखते हुए वर्तमान में कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था वैकल्पिक बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित की जा रही है. कलसिया पुल कुमाऊं मंडल के छह जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है. प्रशासन के अनुसार स्थायी और चौड़े पुल के निर्माण के लिए पुल के आसपास किए गए अतिक्रमणों को हटाना आवश्यक था. इसके लिए संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया था. निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी.

अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है. मानसून आने से पहले निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नगर निगम आयुक्त पारितोष वर्मा ने बताया कि कलसिया नाले में पुल बनाना है. पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया गया था. नोटिस की अवधि पूरी हो चुकी है इसलिए कार्रवाई की जा रही है.

पढ़ें-सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान होगा तेज, दर्ज वक्फ संपत्तियों के ब्यौरे की होगी नियमित जांच