पटना में बेकाबू थार ने कई लोगों को कुचला, गुस्साई भीड़ ने कार को फूंका
पटना की सड़कों पर 'काल' बनकर दौड़ी एक थार, कार ने कई लोगों को कुचला, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई. पढ़ें पूरी खबर-

Published : January 8, 2026 at 9:43 AM IST
पटना: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार की रात एक बेकाबू थार गाड़ी ने कई लोगों को कुचल दिया. घटना दानापुर थाना क्षेत्र के गोला रोड इलाके की है. हादसे के बाद अफरातफरी मच गई. इस हादसे में कई लोग घायल हुए, जिन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है.
पटना में बेकाबू थार ने कई लोगों कुचला: स्थानीय लोगों ने बताया कि, बुधवार देर रात गोला रोड जानकी मंदिर की तरफ से आ रही एक थार कार ने एक गाय को टक्कर मार दी, इसके बाद भागने के क्रम में ड्राइवर ने ई-रिक्शा को धक्का मारा. इसके बाद लोगों ने शोर मचाया तो उसने गाड़ी की रफ्तार भगा दी और फिर जो सामने आया उसे कुचलता चला गया.
''लोगों ने हल्ला किया तो थार चालक गाड़ी भगाने लगा. इस दौरान थार ने वहां पर स्कूटी, बुलेट और साइकिल को टक्कर मारी. साइकिल थार में फंस गई और चालक उसे घसीटता रहा. लेकिन थोड़ी दूर जाने के बाद थार एक गड्ढे में फंस गई.'' - रविशंकर, स्थानीय
गुस्साए लोगों ने थार को फूंका: स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर थार नहीं रुकती तो हादसा और भयावह हो सकता है. कई लोगों को जान जा सकती थी. इस बीच, जैसी ही कार गड्ढे में फंसी स्थानीय लोगों ने थार ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. वहां मौजूद लोगों ने थाड़ को आग के हवाले कर दिया. लोगों का आरोप है कि चालक नशे में था, जिस वजह से हादसा हुआ.
सूचना पर पहुंची पुलिस, आग पर काबू: घटना की सूचना मिलते ही दानापुर थाना पुलिस और रुपसपुर थाना घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों को समझाकर हालात को काबू में किया गया. पुलिस ने तुरंत दानापुर अग्निशमन टीम को भी सूचना दी. दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इसके बाद जली हुई थार को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य किया गया.
घायलों की हालत गंभीर, पीएमसीएच रेफर: घायलों को नजदीक के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. कुछ लोगों को पीएमसीएच भेजा गया है. घायलों में भाई बहन रितिक कुमार (31 वर्ष), कोमल कुमारी (30 वर्ष), माधव कुमार (55 वर्ष) और शेखर कुमार (34 वर्ष) शामिल है.
''एक चार पहिया वाहन द्वारा कई गाड़ियों को टक्कर मारने की सूचना मिली थी. इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें दानापुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गाड़ी में आग लगाए जाने की सूचना पर अग्निशमन दल को बुलाया गया, जिसने आग पर नियंत्रण पा लिया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.'' - प्रशांत कुमार भारद्वाज, दानापुर थानाध्यक्ष

हादसे की तस्वीर सीसीटी फुटेज में कैद: पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किस तरह हुआ और चालक की भूमिका क्या रही?. चालक के नशे में होने की भी जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील: फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा और रात के समय तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
बिहार में आग का शोला बनी यात्री बस, सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत के बाद बवाल
बिहार में तेज रफ्तार का कहर! ट्रक ने पांच युवकों को रौंदा, दो की मौत

