फरीदाबाद में पत्नी से परेशान कपड़ा कारोबारी ने की खुदकुशी, मौत से पहले वीडियो बनाकर लगाया प्रताड़ना का आरोप
फरीदाबाद पत्नी और ससुराल पक्ष के कई लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर खुदकुशी कर ली.

Published : June 28, 2026 at 8:41 PM IST
फरीदाबाद: सेक्टर-3 स्थित हाउसिंग बोर्ड में रविवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक ने अपनी किराए की दुकान के अंदर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है. आत्महत्या से पहले राहुल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं.

वीडियो में मृतक ने बतायी अपनी अंतिम इच्छाः वीडियो में उसने कहा कि "वह अपनी पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठा रहा है. हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस की जांच में पुष्टि होना बाकी है. वीडियो में राहुल ने यह भी कहा कि उसकी मौत का जिम्मेदार उसकी पत्नी है. साथ ही उसने अपनी अंतिम इच्छा जताते हुए कहा कि उसके निधन के बाद उसकी संपत्ति और अन्य सामान उसकी बहनों को दे दिया जाए."
दो महीने शुरू की थी दुकान: जानकारी के अनुसार राहुल ने करीब एक-दो महीने पहले ही सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड में कपड़ों की दुकान शुरू की थी. बताया जा रहा है कि वह पिछले ढाई से तीन साल से अपने परिवार से अलग रह रहा था और इसकी वजह भी उसने अपनी पत्नी को बताया है.
जांच में जुटी है पुलिसः घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-3 चौकी प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन दुकान के अंदर पहुंच चुके थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया.
क्या बोले पुलिस अधिकारीः पुलिस का कहना है कि "प्रथम दृष्टि से मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. युवक द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी."

