देवघर में श्रावणी मेले से पहले स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सदर अस्पताल का जांच लैब अब तीन पालियों में होगा संचालित
देवघर में श्रावणी मेले को लेकर सदर अस्पताल का जांच लैब अब तीन पालियों में संचालित किया जाएगा.

Published : June 25, 2026 at 4:07 PM IST
देवघर: आगामी श्रावणी मेले को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है. श्रद्धालुओं और स्थानीय मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सदर अस्पताल स्थित जिला पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री (DPHL) की कार्य अवधि बढ़ा दी गई है. अब तक यह जांच केंद्र केवल एक पाली में संचालित होता था, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने इसे तीन पालियों में संचालित करने का निर्णय लिया है.
अतिरिक्त कर्मियों की व्यवस्था
सदर अस्पताल की अधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के कारण अब तक जांच केंद्र एक ही पाली में संचालित हो रहा था, हालांकि मरीजों की समस्याओं को देखते हुए अतिरिक्त कर्मियों की व्यवस्था की गई है, जिसके बाद अब जांच केंद्र दो पालियों में कार्य कर रहा है.
सदर अस्पताल पर मरीजों का दबाव अधिक
उन्होंने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान सदर अस्पताल पर मरीजों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है. देवघर का सदर अस्पताल न केवल स्थानीय लोगों बल्कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र की भूमिका निभाता है. ऐसे में मेले के दौरान प्रतिदिन हजारों मरीज अस्पताल पहुंचते हैं.
जांच केंद्र को 24 घंटे संचालित रखने की योजना
डॉ. सुषमा वर्मा ने कहा कि श्रावणी मेले के समय जांच केंद्र को तीनों पालियों में यानी 24 घंटे संचालित करने की योजना है. इस संबंध में सिविल सर्जन एवं स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों से चर्चा की गई है. फिलहाल जांच केंद्र दो पालियों में मरीजों को सेवाएं प्रदान कर रहा है.
कई स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की किल्लत
गौरतलब है कि देवघर के कई स्वास्थ्य केंद्रों में अभी भी कर्मचारियों की कमी बनी हुई है. ऐसे में जांच प्रयोगशाला जैसे महत्वपूर्ण विभागों में पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है. स्वास्थ्य विभाग की यह पहल श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत प्रदान कर सकती है.
सिमडेगाः जांच रिपोर्ट न मिलने पर ट्रुनेट लैब में तोड़फोड़, पुलिस करेगी कार्रवाई

