ETV Bharat / state

मंदिर में रह रहे बाबा पर मासूम बच्चियों से अश्लील हरकत करने का आरोप, लोगों में भारी रोष

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है. लोगों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

CONCEPT IMAGE
कॉन्सेप्ट इमेज (FILE@ETVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 21, 2026 at 5:45 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हमीरपुर जिले के कोहली क्षेत्र में स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है. मंदिर में रह रहे एक बाबा पर दो मासूम प्रवासी बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है.

मंदिर परिसर में रह रहा था आरोपी

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान वचित्र सिंह निवासी हरिओम कालां, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है. वह पिछले कुछ समय से मंदिर परिसर में ही रह रहा था. आरोप है कि उसने परौली, उत्तर प्रदेश से आकर किराये पर रह रहे प्रवासी परिवारों की लगभग पांच वर्ष की दो बच्चियों के साथ अनुचित व्यवहार किया.

परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ा

पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें आरोपी की हरकतों पर संदेह हुआ. सतर्कता बरतते हुए वे मौके पर पहुंचे और आरोपी को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बच्चियों व उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए.

पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया, "प्रारंभिक जांच में छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के आरोप सामने आए हैं. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. बच्चियों की चिकित्सीय जांच करवाई जा रही है ताकि साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें. आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जांचा जा रहा है कि कहीं उसने पहले भी ऐसी हरकत तो नहीं की."

लोगों में रोष, सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है. लोगों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा.

ये भी पढे़ं: सनकी आशिक! शादी से इनकार करने पर पहले दी जान से मारने की धमकी, फिर घर में लगा दी आग