पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठंड का कहर, शीत लहर चलने से कांपा हिमाचल
हिमाचल में 11 शहरों का तापमान शून्य या माइनस में पहुंचा है. 24 घंटों में औसतन न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस गिरा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 3:55 PM IST
शिमला: हिमाचल में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. पहाड़ी और जनजातीय इलाकों के अलावा मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तापमान शून्य से नीचे या इसके आस पास पहुंच गया है. ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है. कुछ दिन पहले हुई बर्फबारी के कारण शीतलहर देखी जा रही है. इसके कारण तापमान लगातार गिरता जा रहा है.
राजधानी शिमला में इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात रही है, यहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है. बीते 24 घंटों के दौरान शिमला के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह सामान्य तापमान 1.4 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया. सोलन का न्यूनतम तापमान भी शून्य से नीचे चला गया है. सुंदरनगर जैसे क्षेत्रों में भी तापमान शून्य पहुंच चुका है. मैदानी और निचले क्षेत्रों में सुबह और शाम घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है. ताबो में न्यूनतम व अधिकतम तापमान माइनस में पहुंच गया है.
मैदानी इलाकों में पड़ रहा कोहरा
बिलासपुर, मंडी, ऊना जैसे क्षेत्रों में कोहरे और ठंड का डबल अटैक देखने को मिल रहा है. यहां कोहरे के कारण सूरज भी देरी से निकल रहा है. लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा,कुल्लू और शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्रों में जल स्रोतों का पानी जमने लगे हैं. इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है. ये सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है. सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में दर्ज किया गया. हिमाचल में 11 शहरों का तापमान शून्य या इससे नीचे माइनस में पहुंच चुका है.
विभिन्न शहरों का तापमान
शिमला का न्यूनतम तापमान 1.5, सुंदरनगर 0.7, भुंतर 0.5, कल्पा -5.2, धर्मशाला 4.8, ऊना 5.8, नाहन 5.0, केलंग 2.0, सोलन -1.1,मनाली -1.4, कांगड़ा 2.5, मंडी 2.1, बिलासपुर 2.5, हमीरपुर 2.8, जुबड़हट्टी 3.6, कुफरी -1.3, कुकुमसेरी -9.2, नारकंडा -2.9, रिकांगपिओ -2.0, सेऊबाग -0.5, बरठीं 0.9, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 4.1, देहरागोपीरपुर 7.0, ताबो -9.4, नेरी 4.2, बजौरा 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कैसा रहेगा मौसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 13 जनवरी तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का अनुमान है. प्रदेश में कहीं भी बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने 7 और 8 जनवरी को शीतलहर और ऊना, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन कांगड़ा और सिरमौर के कुछ इलाकों में 11 जनवरी तक सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम साफ रहने के कारण अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा.
ये भी पढ़ें: देश का ऐसा गांव जहां सिर्फ रहता है एक ही परिवार, दूर दूर तक नहीं रहता कोई दूसरा इंसान

