हिमाचल में बरसीं राहत की फुहारें, मौसम हुआ खुशनुमा, तापमान गिरने से खुशी से झूमें सैलानी
हिमाचल में हीट वेव से मिली राहत. पहाड़ों में बारिश होने से तापमान में आई गिरावट. पर्यटकों ने ली राहत की सांस.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 22, 2026 at 10:25 PM IST
शिमला: भीषण गर्मी से तप रहे हिमाचल ने आखिरकार राहत की ठंडी सांस ली. शुक्रवार को पहाड़ों पर बरसी फुहारों और शीतल हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया. प्रदेश के कई हिस्सों में रुक रुक कर हुए बारिश से दिन के तापमान में 6 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, दूसरी ओर राजधानी शिमला समेत मशहूर पर्यटन स्थलों पर अचानक लौटी ठंडक ने पर्यटकों के चेहरे खिला दिए हैं.
मई के तीसरे सप्ताह के अंतिम दिनों में मौसम का यह बदला हुआ रंग न केवल स्थानीय लोगों के लिए राहत लेकर आया है. वहीं, पहाड़ों की ओर रुख कर चुके सैलानियों के लिए भी यह किसी सौगात से कम नहीं है. सुबह तक धूप और गर्म हवाओं से परेशान रहने वाले पर्यटक दोपहर बाद हल्की बारिश, धुंध से ढकी वादियों और ठंडी हवाओं के बीच माल रोड पर टहलते, पहाड़ों की खूबसूरती कैमरों में कैद करते हुए मौसम का आनंद लेते नजर आए. पहाड़ों पर छाए बादलों और हरियाली से निखरे नजारों ने पर्यटन स्थलों की रौनक को और बढ़ा दिया है. मौसम में आए इस बदलाव से पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है.
हमीरपुर में सबसे अधिक गिरा तापमान
पहाड़ों पर बदले मौसम के मिजाज ने पूरे हिमाचल में ठंडक घोल दी है. मैदानों से लेकर ऊंची चोटियों तक बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है. कई जिलों में अचानक बदले मौसम ने तापमान को तेजी से नीचे ला दिया, जिससे मई के महीने में भी लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा. राजधानी शिमला समेत हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और सोलन के कई इलाकों में हुई बारिश की फुहारों ने मौसम को पूरी तरह सुहावना बना दिया. सबसे ज्यादा असर हमीरपुर में देखने को मिला, जहां तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया. वहीं, कल्पा में 11 डिग्री, शिमला में 9 डिग्री तथा ताबो और बिलासपुर में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई.
घूमने का आ रहा बहुत मजा
जयपुर से शिमला घूमने आए प्रकाश ने कहा, 'पिछले कल जब हम शिमला घूमने आए थे तो मौसम बहुत गर्म था. आज मौसम के बदलने से एकदम से ठंड हो गई है. राजस्थान में 45 डिग्री तापमान चल रहा है, लेकिन शिमला में ऐसा लग रहा है, जैसे 10 से 15 डिग्री तापमान है. ऐसे में यहां घूमने का बहुत मजा आ रहा है'.
शिमला में बहुत अच्छा मौसम
संजू का कहना है कि शिमला में ठंडा लग रहा है. जब हम शिमला पहुंचे थे तो यहां काफी गर्मी थी, लेकिन आज यहां बहुत अच्छा मौसम है. जयपुर में 41 से 45 डिग्री तापमान है, ऐसे में वहां तो बाहर निकलना भी बहुत मुश्किल है.
मौसम शानदार
योगेश ने कहा कि शिमला का मौसम बहुत ही शानदार है. आयुष जांगीर ने बताया कि हमारे यहां तो बहुत ज्यादा गर्मी पड़ रही है. शिमला में मौसम बहुत अच्छा है. हमारे यहां तो नवंबर और दिसंबर में ऐसी ठंड होती है.
हीट वेव से मिली राहत
मौसम वैज्ञानिक शोभित कटियार ने कहा, 'कल मैदानी इलाकों में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था. वहीं, यही तापमान मिड हिल्स में अधिकांश स्थानों पर 28 से 30.6 डिग्री सेलियस था. जो सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया था. लेकिन आज रुक-रुक कर हुई बारिश से दोपहर के समय अधिकांश स्थानों पर तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है. हमीरपुर, कल्पा, शिमला, ताबो और बिलासपुर में तापमान में काफी अधिक गिरावट दर्ज की गई है'.
उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव से हमें हीट वेव से राहत मिलेगी. 23 और 24 मई से जब बारिश का दौर खत्म होगा तो तापमान में बढ़ोतरी होगी. अगले दो दिनों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें कुल्लू, मंडी, शिमला और कांगड़ा में आज और कल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं, 26 मई के बाद मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हीट वेव का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: मई माह में रोहतांग-शिंकुला में बर्फबारी, कुल्लू में बारिश से बढ़ी ठंड

