ETV Bharat / state

'रबर स्टैंप मुख्यमंत्री हैं सम्राट चौधरी', तेजस्वी का हमला- 'भ्रष्ट अधिकारियों को बचा रही सरकार'

तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को रबर स्टैंप मुख्यमंत्री बताते हुए भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया.

तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार
तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 29, 2026 at 7:07 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार की सियासत में आरोप प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज होता जा रहा है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 'रबर स्टैंप' और 'सिलेक्टेड मुख्यमंत्री' बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण दे रही है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर आम जनता परेशान है.

'सम्राट चौधरी की कोई अपनी विचारधारा नहीं' : मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कई राजनीतिक दलों में रह चुके हैं और उनकी कोई स्पष्ट वैचारिक प्रतिबद्धता नहीं है. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री अपने विवेक से नहीं, बल्कि केंद्र के निर्देशों के अनुसार काम करते हैं. तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि वह 'सिलेक्टेड मुख्यमंत्री' हैं और बिना किसी ठोस जवाब के बयानबाजी करते रहते हैं.

'सम्राट चौधरी की कोई अपनी विचारधारा नहीं' (ETV Bharat)

''सम्राट भाजपा में गए तो वो भाजपा का रंग दिखा रहे हैं. वो तो कई पार्टी में जा चुके हैं. वो कोई अपनी विचारधारा की राजनीति तो करते नहीं है. वो तो सलेक्टेड मुख्यमंत्री हैं. वो रबर स्टांप मुख्यमंत्री हैं. दिल्ली जहां कहेगा वहां अपना अंगूठा लगा देंगे. तभी तो 1 रुपए पर 100 एकड़ जमीन दिया जा रहा है.''- तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा

'सरकार को जनता नहीं सत्ता की सुविधाओं की चिंता' : नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बड़ा सरकारी बंगला और कड़ी सुरक्षा मिल गई है, इसलिए उन्हें जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है. उनके मुताबिक राज्य में महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं दिख रही.

'नौकरी मांगने वालों पर लाठी और जेल' : तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि रोजगार की मांग करने वाले युवाओं के साथ सरकार सख्ती से पेश आती है. उन्होंने कहा कि नौकरी की मांग करने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज कराया जाता है और कई मामलों में उन्हें जेल तक भेजा जाता है. उन्होंने राज्य सरकार को "तानाशाही रवैया अपनाने वाली सरकार" करार दिया.

भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार को घेरा : नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार अब भी भ्रष्ट अधिकारियों के प्रभाव में है. उन्होंने आरोप लगाया कि सृजन घोटाला, एस्टीमेट घोटाला, सीएजी से जुड़े मामलों और टेंडर अनियमितताओं जैसे प्रकरणों में बड़े अधिकारियों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है. तेजस्वी ने दावा किया कि सरकार प्रभावशाली अधिकारियों को बचाने का काम कर रही है.

'20 सवालों का जवाब अब तक नहीं मिला' : तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने एक दिन पहले मुख्यमंत्री से 20 सवाल पूछे थे, लेकिन अब तक उनका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. उन्होंने कहा कि यदि सरकार बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं करना चाहती, तो उसे इस पर स्पष्ट रुख जनता के सामने रखना चाहिए. उनके अनुसार बिहार की जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी.

भ्रष्टाचार पर फिर गरमाई बिहार की राजनीति : तेजस्वी यादव के इन आरोपों के बाद बिहार की राजनीति में भ्रष्टाचार और सुशासन का मुद्दा एक बार फिर केंद्र में आ गया है. हालांकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या राज्य सरकार की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें-