रामनरेश राय के परिवार से मिले तेजस्वी यादव, बिहार पुलिसिंग पर उठाए सवाल
हाजीपुर में रामनरेश राय के परिवार से मिले तेजस्वी यादव, पुलिसिया कार्यशैली पर उठाए सवाल, की न्याय की मांग. अमरेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट

Published : August 20, 2026 at 6:13 PM IST
वैशाली: बिहार के वैशाली स्थित हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला में ठेकेदार रामनरेश राय की हत्या के मामले में सियासत गरमा गई है. गुरुवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मृतक रामनरेश राय के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत पार्टी के कई अन्य विधायक और स्थानीय नेता उनके साथ मौजूद रहे.
मृतक को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि: परिवार से मुलाकात के पहले तेजस्वी यादव ने स्व. नरेश राय के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इसके बाद उन्होंने मृतक की पत्नी और उनके बेटे से मुलाकात कर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली. मुलाकात के दौरान उन्होंने परिवार की सुरक्षा और अब तक हुई पुलिसिया कार्रवाई की भी जानकारी ली.
कानून-व्यवस्था पर सवाल: मुलाकात के दौरान उन्होंने परिवार की सुरक्षा और अब तक हुई पुलिसिया कार्रवाई के बारे में भी जानकारी ली. इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और बेखौफ अपराधी आए दिन हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.
पुलिसिया कार्यशैली की आलोचना: तेजस्वी यादव ने पुलिस की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य की पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने के बजाए अन्य कार्यों में व्यस्त है. तेजस्वी यादव ने इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाने और पीड़ित परिवार को न्याय व पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की.

"राज्य की पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने के बजाए अन्य कार्यों में व्यस्त है. हम पीड़ित परिवार के साथ है, जो भी जरुरी होगा हम साथ देंगें. सरकार से अपील है कि परिवार को जरुरी सुरक्षा दी जाए." - तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष
परिवार ने की सुरक्षा की मांग: गौरतलब है कि मृतक की पत्नी ने पहले ही अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी. हत्याकांड के बाद से ही लगातार राजनीतिक दलों के नेताओं का दिग्घी स्थित उनके आवास पर पहुंचना जारी है, जिससे प्रशासन पर सियासी दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.
मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार: हालांकि पुलिस इस मामले में एक मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत रेंज के आईजी चंदन कुशवाहा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर जांच प्रक्रिया का जायजा ले चुके हैं.
आपसी प्रतिस्पर्धा के एंगल से भी जांच: पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए रास्ते और जमीन से जुड़े विवाद के साथ-साथ ठेकेदारी के बीच आपसी प्रतिस्पर्धा के एंगल से भी गहनता से जांच कर रही है. फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री के पीछे की असली वजह क्या थी, यह पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगा.
क्या है मामला: दरअसल बीते दिनों हाजीपुर में दिग्घी निवासी समाजसेवी एवं चर्चित ठेकेदार राम नरेश राय की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. घर से थोड़ी दूरी पर ही चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. कई गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी.
इसे भी पढ़ें-
'तेजस्वी यादव के DNA में AK-47', बोले संजय सरावगी- 'राजद बचाव मार्च था'
'नीतीश कुमार को फंसाया.. ये लोग अमित शाह का चेला', संजय झा पर भड़के तेजस्वी यादव

