'सिवान SP का तबादला नहीं निलंबन होना चाहिए', AK-47 फायरिंग पर कल तेजस्वी यादव का लोकभवन मार्च
सिवान एसपी के तबादले के बावजूद तेजस्वी यादव कल लोकभवन मार्च करेंगे. उन्होंने निलंबन की मांग दोहरायी है. रिपोर्ट- कुंदन कुमार

Published : August 18, 2026 at 6:32 PM IST
पटना: नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को लोकभवन मार्च करेंगे. वह लगातार सिवान एके-47 फायरिंग मामले में एसपी पूरन कुमार झा के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. हालांकि आज उनको तबादला कर दिया गया है लेकिन तेजस्वी निलंबन की मांग पर अड़े हुए हैं.
तेजस्वी यादव का लोकभवन मार्च: तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि जिस तरह से सिवान में एके-47 से छात्रों पर फायरिंग की गई है, वह शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर कल हमलोग राजभवन (लोकभवन) मार्च कर रहे हैं. आरजेडी नेता ने कहा कि यह मार्च ओपन है. कोई भी युवा, कोई भी छात्र इस मार्च में शामिल हो सकते हैं.
'तबादला नहीं, निलंबन होना चाहिए': पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार को जवाब देना होगा कि आखिर किसने छात्रों पर एक-47 चलाने की अनुमति दी थी? उन्होंने कहा कि सिर्फ तबादला कर देने से कुछ नहीं होगा. बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? सिर्फ एक सिपाही का निलंबन करके सरकार क्या दिखाना चाह रही है, हम इसे मानने वाले नहीं हैं.
सम्राट चौधरी पर हमला: तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास गृह मंत्रालय भी है. ऐसे में बिना उनके आदेश से कोई गोली नहीं चला सकता है. उन्होंने कहा कि एके-47 किस तरह से छात्र आंदोलन में लेकर सिपाही पहुंचा था और किस तरह से गोलियां चलाई गई, कितनी गोलियां बरामद हुई? इन सब चीजों की भी जांच होनी चाहिए. हम लोगों ने न्यायिक जांच की मांग की थी लेकिन मांग नहीं मानी गई है.
"पुलिस कप्तान का तबादला कर दिया गया है, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है? वहां के जिलाधिकारी पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई . यह भी हम जानते हैं कि छात्रों के आंदोलन को लगातार बिहार में कुचलने का काम किया जा रहा है. लगातार पेपर लीक हो रहे हैं. ऐसे में हमलोग कल राजभवन मार्च करने जा रहे हैं. सभी लोगों से अपील है कि साथ आएं."- तेजस्वी यादव, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, आरजेडी

आंदोलन को कुचलने की कोशिश: नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पेपर लीक का मामला हो या और कोई अन्य बहाली का मामला, जब छात्र सड़क पर उतरते हैं तो पुलिस उन पर लाठीचार्ज करती है और आंदोलन को दबा देती है. कल हमारा राज भवन मार्च है और हमें खबर मिल रही है कि अभी से ही पटना पुलिस कई छात्रों को गिरफ्तार कर रही है, जोकि कहीं से भी उचित नहीं है.
जवाबदेही तय करनी होगी: तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारा मार्च शांतिपूर्वक होगा. कल पार्टी कार्यालय से मार्च निकलेगा. इनकम टैक्स होते हुए राज भवन जाना है. वहां हम लोग ज्ञापन सौंपेंगे. सरकार को जवाब देना होगा कि आखिर छात्रों पर आंदोलन के दौरान एक-47 से गोलियां क्यों चलाई गई? जो गोली चलाई गई, आखिर किसके आदेश पर गोली चली?
ये भी पढ़ें:
'AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया?', DGP से मिलकर तेजस्वी यादव ने की एक्शन की मांग

