'रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे', 3 घंटे की बैठक के बाद तेजस्वी यादव चुने गए महागठबंधन विधायक दल के नेता
तेजस्वी यादव महागठबंधन की तरफ से सदन में सरकार को घेरेंगे. तीन घंटे की बैठक के बाद उन्हें नेता चुन लिया गया. पढ़ें

Published : November 29, 2025 at 8:13 PM IST
पटना : बिहार विधानसभा का सत्र 1 दिसंबर से शुरू हो रहा है. विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले आज तेजस्वी यादव के सरकारी आवास एक पोलो रोड पर महागठबंधन विधायक दल की बैठक हुई. तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में यह बैठक संपन्न हुई. बैठक में राजद कांग्रेस और वामपंथी पार्टी के विधायक मौजूद रहे. लगभग 3 घंटे तक बैठक चली.
तेजस्वी महागठबंधन विधायक दल के नेता : महागठबंधन के सभी घटक दलों के विधायकों ने तेजस्वी यादव को गठबंधन के विधायक दल का नेता चुना. कांग्रेस के विधान पार्षद समीर कुमार सिंह ने बताया कि आज की बैठक में विधानसभा के सत्र को लेकर चर्चा हुई. गठबंधन के सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से तेजस्वी यादव को महागठबंधन का नेता चुना.
रचनात्मक विपक्ष की भूमिका : कांग्रेस के विधान पार्षद समीर कुमार सिंह ने बताया कि आज की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बिहार की जनता ने जो जनादेश दिया है, उस जनादेश का सम्मान करते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे. तेजस्वी यादव ने सभी विधायकों को चुनाव परिणाम से हतोत्साहित नहीं होने को कहा.
"आज की बैठक में यह निर्णय लिया गया की जनता की समस्याओं को वह सदन से लेकर सड़क तक उठाने का काम करेंगे. चुनाव में हुई धांधली पर जनता के बीच में जाने की जरूरत है. आने वाले समय में गठबंधन के सभी घटक दल जनता के बीच में जाकर चुनाव में हुई धांधली से लोगों को अवगत करवाएंगे."- समीर कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य, कांग्रेस

'गलत नीतियों का विरोध' : राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि सभी विधायकों ने बिहार विधानसभा विधान परिषद में तेजस्वी यादव को अपना विधायक दल का नेता घोषित कर दिया है. बिहार विधानसभा सत्र के दौरान महागठबंधन पूरी तरह मौजूद रहेगा. आम लोगों की हर समस्या को लेकर सरकार के सामने महागठबंधन आवाज बुलंद करता रहेगा. राजद और संपूर्ण विपक्ष सरकार के गलत नीति का सदन से लेकर सड़क तक विरोध करेगा.
''चुनाव में जादू टोना हुआ है. चुनाव आयोग के द्वारा पूरी तरीके से वोट की चोरी हुई है. हम लोग इन मामलों को लेकर भी जनता के बीच जाएंगे.''- मंगनी लाल मंडल, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय जनता दल
'विपक्ष है एकजुट' : कांग्रेस नेताओं के द्वारा बिहार में अकेले चुनाव लड़ने के बयान पर मंगनी लाल मंडल ने कहा कि यह गलत बात है. इस तरह का कोई भी औपचारिक बयान नहीं आया है. इस पर कुछ बोल पाना बिल्कुल ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि यह पूरी मनगढ़ंत बातें हैं कि कांग्रेस के चार विधायक नहीं आए और वह लोग दूसरे दल के संपर्क में हैं. सभी लोग एकजुट है पूरा महागठबंधन एकजुट है.
ये भी पढ़ें :-
'अपने वादों और घोषणाओं को पूरा करें..' तेजस्वी यादव ने CM नीतीश कुमार को दी बधाई
'EVM में चोरी.. इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेगी RJD', बिहार चुनाव में हार पर महागठबंधन के नेता का बड़ा बयान

