'नीतीश कुमार को फंसाया.. ये लोग अमित शाह का चेला', संजय झा पर भड़के तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने संजय झा पर बड़ा हमला बोला है. साथ ही रोशन यादव की कथित हत्या पर सम्राट सरकार को घेरा है. पढ़ें..

Published : August 20, 2026 at 3:24 PM IST
पटना: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज मधुबनी जा रहे हैं. जहां वह रोशन यादव के परिजनों से मिलेंगे. पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एनडीए सरकार पर हमला बोला. इस दौरान जेडीयू सांसद संजय झा के उस आरोप पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि आरजेडी को बचाने के लिए बुधवार को उन्होंने लोकभवन मार्च किया है. तेजस्वी ने कहा कि पहले वे (संजय झा) अपना पद बचाएं. उनकी पार्टी में उनके खिलाफ कितना विरोध है. इन्हीं लोगों ने नीतीश कुमार को फंसा दिया. उन्हें (नीतीश कुमार)राज्यसभा भेज दिया. यहीं लोग अमित शाह के चेला है.
रोशन यादव के परिजनों से मिलेंगे नेता प्रतिपक्ष: तेजस्वी यादव ने कहा कि मधुबनी में एक बड़ा हादसा हुआ है. जेल में रोशन यादव की हत्या कर दी गई थी. प्रशासन से बड़े सवाल पूछे जा रहे हैं. 19 साल के एक बच्चे की जेल में निर्मम हत्या कर दी गई है. पुलिस ने उसे जबरन उठाकर कई दिनों तक उसके परिजनों को न बताकर जेल में रखा था. आज हम उनके परिवार के लोगों से मुलाकात करेंगे. पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि एक सप्ताह पहले प्रतिष्ठित ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
"हम पहले से ही कहते आ रहे हैं कि बिहार को पुलिस स्टेट बनाया जा रहा है. पुलिस ने उस बच्चे को बहुत अमानवीय तरीके से पीटा था. सम्राट चौधरी बिहार को एक पुलिसिया स्टेट बनाना चाहते हैं और हम यह कभी नहीं होने देंगे."- तेजस्वी यादव, कार्यकारी अध्यक्ष, आरजेडी
जेल में हुई थी रोशन यादव की मौत: पिछले 27 मई को मधुबनी की रहिका थाना पुलिस ने रोशन यादव को गिरफ्तार किया था. 31 मई को उसे छोड़ दिया गया लेकिन करीब आधे घंटे बाद आर्म्स एक्ट में दोबारा से गिरफ्तार कर लिया. 10 अगस्त को उसकी मौत हो गई. जेल प्रशासन ने इसे आत्महत्या करार दिया, जबकि परिजनों का आरोप है कि हिरासत में उसको पीटकर मार डाला गया. हालांकि विवाद बढ़ने के बाद डीएम ने न्यायाकि जांच के आदेश दिए हैं.

संजय झा पर भड़के तेजस्वी: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने संजय झा पर भड़कते हुए कहा, 'संजय झा पहले अपना पद तो बचाएं. उनके खिलाफ उनकी पार्टी में कितना विरोध है. नीतीश जी को फंसा दिए. नीतीश जी फंसाने वाले यही लोग हैं ना. राज्यसभा भेज दिये. यही लोग ना अमित शाह का टीटीएम करते हैं.'
संजय झा ने क्या कहा था?: इससे पहले जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के मार्च पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि मामला (छात्र आंदोलन) पहले ही सुलझ चुका है, लेकिन वे इसका इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए करने की कोशिश कर रहे हैं.
राजनीतिक फायदे की कोशिश: विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा, 'मैंने पहले भी कहा है कि वे एक गैर-मुद्दे को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं. मामला पहले ही सुलझ चुका है, लेकिन वे इसका इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह पूरी तरह से विफल रहा है.'

उन्होंने कहा, 'यह उनका पार्ट-टाइम राजनीति करने का तरीका है. लोकतंत्र के लिए यह जरूरी है कि विपक्ष का नेता मजबूत रहे और राज्य के लिए सही मुद्दे उठाए, लेकिन वे इस मामले में लगातार विफल रहे हैं.'
आरजेडी पर ध्यान दें तेजस्वी: जेडीयू सांसद ने कहा कि तेजस्वी को पहले अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए. उनकी पार्टी के विधायकों को भी लगता है कि जिस तरह की राजनीति वहां हो रही है, उसमें उनका कोई भविष्य नहीं है. उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि बिहार सरकार ने जिस तरह से इस मामले को संभाला और मुख्यमंत्री ने जिस तरह से स्थिति पर नजर रखी और कार्रवाई की, वह तारीफ के काबिल है. बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में भी कई कदम उठाए गए हैं. नीतीश कुमार ने पहले ही कई सुधार किए हैं और अभी भी कई सुधार लागू किए जा रहे हैं."
'तेजस्वी की घटिया राजनीति': बीजेपी दफ्तर के सामने तेजस्वी यादव के वीडियो बनाने पर संजय झा ने कहा, 'यह उनकी घटिया राजनीति है. उन्हें कोई ठोस बात करनी चाहिए. उन्हें पानी में कूदकर भी वीडियो बनाए थे. उसके बाद चुनावों के नतीजे सबसे सामने हैं. बिहार की जनता ने उन्हें बिल्कुल रिजेक्ट किया. इसलिए उन्हें लोगों के बीच में जाना चाहिए था और पता करना चाहिए था कि जनता ने क्यों रिजेक्ट किया.'
ये भी पढ़ें: 'तेजस्वी यादव के DNA में AK-47', बोले संजय सरावगी- 'राजद बचाव मार्च था'

