ETV Bharat / state

लखनऊ के समतामूलक चौराहे पर स्थापित होगा 'तेजस' मॉडल; भारतीय सैन्य शक्ति का बनेगा प्रतीक

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर यह कार्य कराया जा रहा है.

लखनऊ के समतामूलक चौराहे पर स्थापित होगा 'तेजस' मॉडल.
लखनऊ के समतामूलक चौराहे पर स्थापित होगा 'तेजस' मॉडल. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 5, 2026 at 7:11 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: LDA द्वारा निर्मित ग्रीन कॉरिडोर पर स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘तेजस’ का मॉडल स्थापित होगा. यह न सिर्फ शहर को नयी पहचान देगा बल्कि सैन्य शक्ति का प्रतीक बनकर युवाओं को प्रेरित करेगा.

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर यह कार्य कराया जा रहा है. उनकी अनुशंसा पर हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा लाइट कॉम्बेट एयरक्रॉफ्ट ‘तेजस’ के मॉडल को बेंगलुरू से मंगाया गया है.

फिलहाल इसे जनेश्वर मिश्र पार्क में सुरक्षित रखा गया है. उन्होंने बताया कि समतामूलक चौराहे के पास ग्रीन कॉरिडोर के इंट्री प्वाइंट पर यह मॉडल लगाया जाएगा. साथ ही इस रोटरी को ‘तेजस चौराहे’ का नाम दिया जाएगा.

LDA उपाध्यक्ष ने बताया कि तेजस का मॉडल स्थापित करने के लिए स्थल पर फाउंडेशन और सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है. 15 दिन में काम पूरा कराकर मॉडल को जनेश्वर मिश्र पार्क से ग्रीन कॉरिडोर की रोटरी पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा.

जहां सफर करने वाले हजारों लोग भारतीय वायुसेना के गौरव के साक्षी बन सकेंगे. साथ ही भारतीय सैन्य शक्ति का अहसास कर सकेंगे. यह मॉडल आम लोगों के आकर्षण का केंद्र भी बनेगा.

15 फीट लंबा होगा मॉडल: उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि तेजस का यह मॉडल 15 फीट लंबा है, जबकि इसके पंखों की चौड़ाई 9.5 फीट है. यह मॉडल हू-ब-हू असली तेजस विमान जैसा है. इसका वजन लगभग 200 किलोग्राम है. उन्होंने बताया कि तेजस का यह मॉडल लखनऊ की रक्षा क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी और सैन्य शक्ति को दर्शाएगा.

यह भी पढ़ें: यूपी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर की व्यवस्था खत्म, सभी मीटर हुए पोस्टपेड, अब पहले की तरह आएगा बिल