ETV Bharat / state

'खुशकिस्मत हैं कि हमारे पास आप हैं..' सारी कसमों को तोड़कर मां से मिलने पहुंच गए तेजप्रताप यादव

तेजप्रताप यादव आज अचानक 10 सर्कुलर रोड पहुंच गए. उन्होंने मां राबड़ी देवी से मुलाकात की और केक काटा.

Tej Pratap Yadav
राबड़ी देवी से मिले तेजप्रताप यादव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 1, 2026 at 5:40 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: आज नया साल के साथ-साथ बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का जन्मदिन है. हालांकि लालू परिवार इसे बेहद सादगी से मनाता है लेकिन आज का दिन इसलिए खास हो गया, क्योंकि फैमिली से अलग-थलग चल रहे बड़े बेटे तेजप्रताप यादव वहां पहुंच गए. उन्होंने मां के साथ केक काटा और आशीर्वाद लिया.

मां के साथ केक काटा: पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने खुद अपने सोशल मीडिया पर राबड़ी देवी के साथ की तस्वीरें साझा की है. उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, 'जन्मदिन मुबारक हो मां. आप हमारे परिवार की जान हैं. हर हंसी, हर प्रार्थना, हर उस पल के पीछे की स्थिर सांस जो घर जैसा लगता है. यह जिंदगी जो हम जी रहे हैं गर्मजोशी भरी, अधूरी, प्यार से भरी, आपकी वजह से है. आपने इसे तबतक संभाले रखा, जबतक हमें पता भी नहीं था कि संभाले रखने का क्या मतलब है.'

भावुक पोस्ट में तेजप्रताप यादव ने आगे लिखा, 'आप मेरी सबसे गहरी प्रेरणा हैं. आपने बिना गिननी के, बिना किसी शर्त के प्यार किया.. और तब भी मजबूती से खड़ी रहीं, जब किसी ने नहीं देखा कि यह कितना भारी था. कहते हैं कि भगवान मां को तब भेजते हैं, जब वह एक साथ हर जगह नहीं हो सकते. हम सभी बहुत ज्यादा खुशकिस्मत हैं, क्योंकि हमारे पास आप हैं.'

Tej Pratap Yadav
तेजप्रताप ने मां से लिए आशीर्वाद (पुरानी तस्वीर) (ETV Bharat)

परिवार से कम होने लगीं दूरियां?: 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास में मां राबड़ी देवी से मुलाकात के बाद इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि क्या परिवार से दूरियां खत्म हो रही है? क्या तेजप्रताप आने वाले दिनों में एक बार फिर से पार्टी और परिवार में वापसी करेंगे.

Tej Pratap Yadav
परिवार के साथ तेजप्रताप (पुरानी तस्वीर) (ETV Bharat)

तेजप्रताप यादव लगातार कहते रहे हैं कि वह बहुत आग निकल चुके हैं. आरजेडी में वापसी के सवाल पर तो उन्होंने भगवदगीता की कसम खाकर कहा था कि कभी पार्टी में वापस नहीं लौटेंगे. हालांकि परिवार में वापसी के सवाल पर वह नरम जरूर दिखे हैं.

क्यों हैं पार्टी-परिवार से बाहर?: असल में पिछले साल 24 मई को तेजप्रताप यादव ने अनुष्का यादव के साथ तस्वीर शेयर कर बताया था कि वह 12 साल से रिलेशनशिप में हैं. पहले ही ऐश्वर्या राय के साथ तलाक के मुकदमे का सामना कर रहे तेजप्रताप के इस नए रिश्ते के सामने आने के बाद लालू यादव ने अगले ही दिन (25 मई) को पार्टी और परिवार से निकाल दिया था. तेजस्वी यादव ने भी पिता के फैसले को सही ठहराया था.

Tej Pratap Yadav
मां और भतीजी के साथ तेजप्रताप (पुरानी तस्वीर) (ETV Bharat)

तेजप्रताप ने बनाई नई पार्टी: तेजप्रताप यादव ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अपनी नई पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' का ऐलान किया और कई सीटों पर उम्मीदवार उतारा लेकिन पार्टी का खाता तक नहीं खुला. वह खुद भी वैशाली जिले की महुआ सीट से हार गए.

RABRI DEVI BIRTHDAY
राबड़ी देवी (ETV Bharat)

बिहार की पहली महिला सीएम हैं राबड़ी: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी आज 67 साल की हो गईं हैं. उनका जन्म 1 जनवरी 1959 को गोपालगंज जिले में हुआ था. 1973 में उनकी शादी आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से हुई थी. उनकी 9 संतान हैं, जिनमें 7 बेटियां और 2 बेटे हैं. 1997 से 2005 तक वह राज्य की मुख्यमंत्री रहीं. राबड़ी देवी बिहार की पहली और एकमात्र महिला सीएम हैं. फिलहाल वह बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं.

ये भी पढ़ें:

'मेरी जिंदगी की सबसे अमूल्य रत्न हैं मेरी मां', राबड़ी देवी के जन्मदिन पर तेजप्रताप का भावुक पोस्ट

लालू-राबड़ी की इस खूबसूरत तस्वीर को देखकर खुश हो जाएंगे आप! 'साहेब' को गुलाब देकर मुस्कुराईं पूर्व CM

लालू यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निकाला, कहा-'इनके संस्कार हमारे अनुरूप नहीं'