'मुझे मारने की साजिश कर रहा आकाश यादव' तेजप्रताप ने पुलिस थाने में की शिकायत
'मेरी हत्या करवाना चाहता है आकाश यादव', तेज प्रताप यादव ने पटना के सचिवालय थाने में पुलिस को लिखित शिकायत दी. पढ़ें

Published : June 20, 2026 at 8:30 AM IST
पटना: बिहार के पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने पटना के सचिवालय थाना में आकाश यादव, अनुष्का यादव और उनके परिवार के सदस्यों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
आकाश यादव के खिलाफ थाने में शिकायत: तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि सभी नामजद लोग उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं और उनकी हत्या करवाने की योजना बना रहे हैं. शिकायत में कहा गया है कि, पिछले कुछ समय से उनकी छवि को लगातार नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
तेज प्रताप का आरोप- मेरी जान को खतरा: उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें बदनाम करने की मुहिम चलाई, जिसके कारण मेरी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने, ब्लैकमेलिंग करने, झूठे आरोप लगाने और अवैध धन वसूली की साजिश के विरुद्ध मैंने विधिवत कानूनी कार्रवाई की है.
क्या बोले तेज प्रताप यादव?: तेज प्रताप ने कहा कि, पटना के सचिवालय थाने में संबंधित लोगों के विरुद्ध FIR दर्ज कराई गई है और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है. जो लोग झूठ, साजिश और ब्लैकमेलिंग के सहारे किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, वे कानून से बच नहीं पाएंगे.
''मेरी छवि को खराब करने का काम किया है. आकाश यादव द्वारा मेरे पिता लालू प्रसाद यादव और मेरी हत्या की साजिश की जा रही है. अभी मैंने प्रेस कॉफ्रेंस किया था जिसके बाद चार अनजान लोग मेरे घर में घुस आए थे, जब तक पकड़ते वो लोग भाग गए. ऐसे में कुछ भी हो सकता है, मुझपर हमला करवा दें, बम फेंकवा दें, कुछ भी हो सकता है. सुरक्षा की मांग करते है.'' - तेज प्रताप यादव, नेता, जनशक्ति जनता दल
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस व्यक्ति को उसके अभद्र, अपमानजनक, धमकीपूर्ण एवं असामाजिक व्यवहार के संबंध में विधिवत कानूनी नोटिस भेजा गया, उसने अपनी गलती स्वीकार करने या खेद व्यक्त करने के बजाय प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर मेरे विरुद्ध एक झूठी एवं मनगढ़ंत प्राथमिकी (FIR)… pic.twitter.com/Mlo5O0zysa
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) June 18, 2026
शिकायत में अनुष्का यादव का भी नाम: तेज प्रताप ने यह भी दावा किया कि इन लोगों की वजह से ही उन्हें अपने परिवार से अलग-थलग होने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. शिकायत में अनुष्का यादव को भी नामजद किया गया है.
मेरी जान को खतरा- तेजप्रताप: तेज प्रताप का आरोप है कि अनुष्का यादव, आकाश यादव और अन्य सहयोगियों ने मिलकर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा है. उन्हें अपनी जान को खतरा महसूस हो रहा है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए.

मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग: तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें आशंका है कि उनके खिलाफ बड़ी साजिश चल रही है. उन्होंने बिहार सरकार से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. साथ ही कहा है कि वह इस मामले की जांच कराने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी अनुरोध करेंगे, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो सके और सच्चाई सामने आ सके.
पटना के सचिवालय थाने में शिकायत: फिलहाल पटना के सचिवालय थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि ''आवेदन में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच की जाएगी. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है.''
ये भी पढ़ें: 'अनुष्का यादव के घर में जबरन घुसे तेज प्रताप..' भाई को हत्या की धमकी, कोर्ट के आदेश पर FIR
ये भी पढ़ें: अनुष्का यादव के भाई आकाश की चेतावनी- 'हालात बिगड़े तो ब्रह्मा, विष्णु, महेश भी कुछ नहीं कर पाएंगे

