तेज प्रताप यादव के घर चोरी, 20 लाख कैश, 2 तोला सोना, लैपटॉप, आईफोन गायब.. पीए मोतीलाल पर FIR
तेज प्रताप यादव के घर चोरी की घटना हुई है. पीए मोतीलाल पर 20 लाख कैश, 2 तोला सोना, लैपटॉप, आईफोन गायब करने का आरोप.

Published : June 23, 2026 at 9:40 AM IST
पटना: बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर लाखों रुपये की चोरी का मामला प्रकाश में आया है. घटना सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल काफी तेज हो गई है.
20 लाख नकद और जेवरात की चोरी: राजधानी पटना के 42 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास से नकदी, सोने के जेवरात और कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है. मामले को लेकर तेज प्रताप यादव ने अपने ही करीबी सहयोगी मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसको लेकर नेता ने सचिवालय थाना में आवेदन दिया.

पार्टी फंड के रुपयों पर साफ किया हाथ: 22 जून को तेज प्रताप यादव के आवास में रखी एक आलमारी से पार्टी फंड के लिए सुरक्षित रखे गए 20 लाख रुपये नकद गायब पाए गए. जब आवास में रखे सामान की जांच की गई तो नकदी के अलावा कई अन्य कीमती वस्तुओं के भी गायब होने की जानकारी मिली.
चोरी हुए कीमती सामानों की लंबी लिस्ट: चोरी हुए सामान में करीब 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और चार पेन ड्राइव गायब हैं. इसके साथ ही दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप तथा चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन शामिल हैं.

सचिवालय थाना पुलिस जांच में जुटी: कीमती सामान के गायब होने की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस टीम तत्काल तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को खंगालने में जुटी हुई है.
"चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी." -डॉ. अनु, डीएसपी
साल 2022 में भी हो चुकी है चोरी: गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले वर्ष 2022 में भी उनके आवास से नकदी और अन्य सामान चोरी होने का मामला सामने आया था. उस समय तेज प्रताप यादव ने घर की देखरेख करने वाले चंदन नामक युवक पर चोरी का आरोप लगाया था.

सुरक्षा व्यवस्था और भरोसे पर उठे सवाल: एक बार फिर सरकारी आवास में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और भरोसे के दायरे में काम करने वाले लोगों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, राजनीतिक गलियारों में भी इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है.
ये भी पढ़ें:

