इटावा में नाबालिग प्रेमी युगल ने दी जान, 24 घंटे से थे लापता, लखनऊ में छात्र ने किया सुसाइड
कानपुर में 22 वर्षीय युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते लगाया फांसी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 8:19 PM IST
इटावा: यूपी के अलग-अलग जिलों से आत्महत्या की खबर सामने आ रही है. इटावा के माहौल बकेवर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक पेड़ पर एक किशोर और किशोरी का शव मिला. वहीं, कानपुर के थाना सेनपारा पश्चिम क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते फांसी लगाकर जान दे दी. फिलहाल पुलिस मामलो की जांच में जुट गई है.
इटावा में किशोर और किशोरी ने की आत्महत्या: जानकारी के अनुसार, माहौल बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह खेत में नीम के पेड़ पर किशोर और किशोरी के शव फंदे से लटके मिला. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना पर बकेवर थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है.
मृतक किशोरी के पिता ने बताया कि मेरी लड़की कल से गायब है और आज सुबह लोगों ने बताया, तुम्हारी लड़की और एक लड़का फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया. मेरी लड़की हाई स्कूल में पढ़ती थी और साथ ही वह लड़का भी पढ़ता था. मेरी लड़की की तीन-चार महीने बाद शादी होने वाली थी.
वहीं मृतक किशोर के भाई ने बताया कि मेरा भाई परसों से गायब था. आज लोगों ने बताया कि तुम्हारा भाई और एक लड़की फांसी लगाकर एक पेड़ पर लटके हुए हैं.
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीचंद्र ने बताया कि दोनों नाबालिगों द्वारा आत्महत्या की गई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है.
कानपुर में प्रेमिका से विवाद के बाद युवक ने दी जान: कानपुर के थाना सेनपारा पश्चिम क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते फांसी लगाकर जान दे दी. परिजन जब घर लौटे तो युवक का शव फंदे से लटकता मिला. सूचना पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के अनुसार, बिनगंवा निवासी किसान राजू पासवान पेशे से किसान हैं. शनिवार को वह अपनी पत्नी की दवा दिलाने के लिए शहर आए थे. उनका बेटा गोपी कही बाहर गया था और बेटियां खेत गई थीं. बड़ा बेटा विशाल 22 वर्षीय घर पर अकेला था. शाम के समय जब बेटी आरुषि घर पहुंची तो उसने देखा कि कमरे की धन्नी में भाई का शव रस्सी के सहारे लटक रहा था. शव को लटकता देख उसके होश उड़ गए. वहीं पास में ही विशाल का टूटा हुआ मोबाइल भी पड़ा था.
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार विशाल पड़ोस के ही एक गांव की एक युवती से प्रेम करता था. दोनों का प्रेम संबंध काफी लंबे समय से चल रहा था. दोनों फोन पर बातचीत करते थे. परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो शादी के लिए भी राजी हो गए, लेकिन युवती के परिजन शादी करने को तैयार नहीं थे.
परिजनों का आरोप है कि शनिवार के दिन दोनों के बीच फोन पर कुछ बात–विवाद हुआ, जिसके बाद विशाल ने मोबाइल तोड़ दिया और खुद फांसी लगा ली.
सेन पश्चिमपारा थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया में प्रेम संबंध का मामला सामने आया है. मौके से मृतक का मोबाइल टूटा हुआ मिला है. शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है.
लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्र ने दी जान: लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर के भीतर एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले छात्र नवीन ने हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. सहपाठियों से पूछताछ में सामने आया है कि नवीन पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव और डिप्रेशन का शिकार था.
पुलिस के अनुसार, सुभाष छात्रावास के कमरा नंबर 52 में रहने वाला नवीन रविवार सुबह काफी देर तक जब बाहर नहीं निकला, तो साथी छात्रों को चिंता हुई. छात्रों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. दोपहर करीब 1:00 बजे छात्रों ने इसकी सूचना प्रॉवोस्ट डॉ. महेन्द्र कुमार को दी. विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और छात्रों की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो नवीन का शव पंखे से रस्सी के फंदे के सहारे लटका मिला.
सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर हसनगंज चितवन कुमार और पुलिस टीम ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया. कमरे की बारीकी से तलाशी ली गई और साक्ष्य एकत्रित किए गए. प्राथमिक जांच और साथी छात्रों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि नवीन पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहता था. हालांकि, उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई है. मृतक नवीन कुमार मूल रूप से ग्राम चक उसरैला, तहसील सिकंदरपुर, जिला बलिया का रहने वाला था.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर मौत के सही कारणों का पता लगाया जाएगा. फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें:
यह भी पढ़ें:

