बैग में 1.50 लाख रुपये, हाथ में 2 लाख का IPHONE; मिर्जापुर में भटक रही किशोरी नहीं बता पा रही अपना पता
बस स्टेशन पर मिली, तलाशी में मिला मुंबई का टिकट, बताया-साथ में एक और किशोरी थी, पास में ढेर सारे रुपये.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 2:10 PM IST
मिर्जापुर : रोडवेज बस स्टेशन पर ट्रॉली बैग के साथ इधर-उधर भटकती मिली 16 साल की किशोरी पहेली बनी है. हाथ में करीब 2 लाख का आईफोन लिए किशोरी पर सीडब्ल्यूसी (Child Welfare Committee) के वर्कर्स की नजर पड़ी तो चौंकाने वाली बातें सामने आईं.
किशोरी फिलहाल अपना पता नहीं बता पा रही है, हालांकि उसने यह जरूर कहा कि वह अकेली नहीं है. उसके साथ एक और किशोरी है और उसके पास उससे भी ज्यादा पैसे हैं. मुंबई का एक टिकट भी मिला है. किशोरी को चाइल्ड लाइन में रखा गया है. साथ ही उसके बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि किशोरी कहीं घर से अपनी सहेली के साथ तो नहीं निकली? स्थानीय पुलिस को भी सूचना दे दी गई है.
रोडवेज बस स्टेशन परिसर में गुरुवार की शाम चाइल्ड लाइन के केश वर्कर उदय पाल सिंह यादव और नीतू सिंह गश्त पर थीं. इस दौरान एक किशोरी उन्हें भटकती हुई दिखी. दोनों ने किशोरी को पास बुलाया और उससे सहानुभूतिपूर्वक बात की. किशोरी ने अपना नाम शालु बताया. जब उसके ट्रॉली बैग को चेक किया गया तो कपड़ों के अलावा 01 लाख 54000 रुपये रखे मिले. इसके अलावा एक पर्स मिला, जिसमें 1 लाख 80000 हजार का आईफोन था.
किशोरी पहले अपना पता प्रयागराज में झूंसी बता रही थी, फिर मिर्जापुर के ड्रमंडगंज की रहने वाली बताने लगी. उसके भ्रामक बयान से संदेह और गहरा गया. किशोरी ने यह भी बताया कि उसके साथ एक और लड़की थी. वह पहले ही चली गई. उसके पास ज्यादा रुपये थे. किशोरी ये नहीं बता सकी कि ये रुपये उसके पास कहां से आए?
उसकी बातें संदिग्ध लगने पर कटरा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने जीडी दर्ज की है. इसके बाद किशोरी को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया गया. इसके साथ ही पुलिस उसके बताए गए पते के बारे में जानकारी जुटा रही है. साथ ही दूसरी किशोरी के बारे में भी छानबीन की जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि किशोरी घर से अपनी सहेली के साथ बिना बताए निकल गई होगी.
इस बारे में कटरा कोतवाली प्रभारी बैध नाथ सिंह ने बताया कि चाइल्ड लाइन केश वर्कर्स किशोरी को थाने लाए थे. उसके पास पैसा-मोबाइल बरामद किया गया है, एक जरनल ट्रेन टिकट मुंबई का भी बरामद हुआ है. उसे सीडब्ल्यूसी को सौंप दिया गया है. 3 दिन तक किशोरी वहीं रहेगी. इस बीच परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: यूपी में हाड़ कंपाती ठंड; कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी, अभी और गिरेगा टेंपरेचर

