ETV Bharat / state

अलवर में अवैध खनन रुकवाने गई टीम पर लाठी-डंडों से हमला, हमलावरों में महिलाएं शामिल, दो कांस्टेबल घायल

अवैध खनन क्षेत्र सरिस्का बाघ परियोजना के क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट के अंतर्गत आता है, जहां खनन की गतिविधियों पर प्रतिबंध है.

Machinery and tractor seized during the operation
कार्रवाई के दौरान जब्त मशीन व ट्रैक्टर (ETV Bharat Alwar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 1, 2026 at 8:41 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अलवर: जिले के टहला थाना क्षेत्र के गोला का बास चौकी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस, वन व खनिज विभाग की टीम पर खनन से जुड़े लोगों ने हमला कर दिया. इस घटना में पुलिस के दो कांस्टेबल को चोट आई. अवैध खनन क्षेत्र सरिस्का बाघ परियोजना के क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट के अंतर्गत आता है, जहां खनन की गतिविधियों पर प्रतिबंध है. घटना के संबंध में खनन विभाग की ओर से टहला थाने में राजकार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज कराया गया.

टहला थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया, थाने में दर्ज प्रकरण में अवैध खनन कर रहे लोगों पर कार्रवाई करने गई टीम पर अवैध खननकर्ताओं ने जाप्ते के साथ लाठी, डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया. सरकारी वाहन के शीशे व बॉडी में तोड़फोड़ एवं क्षति पहुंची. परिवादी ने शिकायत दी कि दो कांस्टेबल के चोटें आई. अवैध खनन करने वालों ने राजकार्य में बाधा पहुंचाई. थाने में नामजद रिपोर्ट दी. अनुसंधान जारी है.

पढ़ें :चंबल से अवैध बजरी निकालने पर कसी जाएगी नकेल, केंद्रीय टीम ने किया खनन क्षेत्र का निरीक्षण

लाइम स्टोन से भरे थे ट्रैक्टर: एसएचओ मीणा ने बताया कि शिकायत के अनुसार, बलदेवगढ़ में अवैध खनन क्षेत्र में लाइम स्टोन, मार्बल खंडा का अवैध खनन होने की सूचना मिली. वन, पुलिस व खनिज विभाग की टीम पहुंची तो बरवा डुंगरी की तरफ रोड पर चौमुखा भैरव मंदिर के पास जंगल के कच्चे रास्ते से बिना नंबर के दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाइम स्टोन,मार्बल खंडा भरे आते दिखे. टीम ने रोका तो ट्रैक्टरों से दोनों चालक भाग गए. कांस्टेबल ने चालकों की पहचान रामाकन्त गुर्जर एवं लेखराम गुर्जर निवासी बलदेवगढ़, पुलिस थाना टहला के रूप में की.

महिलाओं ने बोला हमला: थानाधिकारी ने बताया कि बीएनएसएस के तहत ट्रैक्टर जब्त कर ई-साध्य ऐप से विडियोग्राफी शुरू की तो 5-6 महिलाएं व 9-10 व्यक्ति डंडे व पत्थर लेकर आए. दूर से चिल्लाए कि पुलिस, वन एवं खनिज विभाग के कर्मचारियों को ढंग से पीटो ताकि ये दुबारा किसी भी ट्रैक्टर को नहीं रुकवाएं. महिलाएं ट्रैक्टरों पर चढ़कर खनिज खाली करने लगी और ट्रैक्टरों को मौके से भगाने की कोशिश की.इस पर वन व खनिज विभाग की टीम ने इनसे समझाइश की.

ट्रैक्टर व जेसीबी जब्त: मीणा ने बताया कि समझाइश के बावजूद आरोपियों ने राजकार्य में बाधा पहुंचाई. जाप्ते को लाठी, डंडों व पत्थरों से पीटा. सरकारी वाहन के आगे के शीशे व बॉडी तोड़ दी. कांस्टेबल राकेश कुमार एवं आशीष कुमार के चोटें आई. टीम ने बड़ी मुश्किल से ट्रैक्टरों को नहीं ले जाने दिया. हमलावर मौके से फरार हो गए. इस संबंध में थाने में नामजद प्रकरण दर्ज कराया गया. एसएचओ ने बताया कि बलदेवगढ़ में अवैध खनन कर राजकीय संपदा की चोरी छुपे परिवहन कर बेचा जाता है. पुलिस ने ट्रैक्टर व जेसीबी जब्त कर ली.

पढ़ें: सरकारी दावों की निकल रही हवा: अलवर में खुलेआम बजरी व मिट्टी का अवैध खनन