नेपाल से पदक बटोरकर लौटी नन्हीं-मुन्नी टीम;खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत,गदगद हुए चीफ
शाओलिन स्पोर्ट्स ऑफ मार्शल आर्ट्स एकेडमी के चीफ जितेंद्र कुमार ने जानकारी.


By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 5:55 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 6:59 PM IST
लखीमपुर : नेपाल में आयोजित प्रथम तंग इल मूडो, कोरियन ओपन मार्शल आर्ट इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2026 में लखीमपुर के भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया. बुधवार को नेपाल से वापस आने पर टीम का रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों, फूल मालाओं और मिठाइयों के साथ भव्य स्वागत किया गया. कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी लव कुश कुमार भार्गव ने खिलाड़ियों व इंडिया चीफ जितेंद्र कुमार को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
शाओलिन स्पोर्ट्स ऑफ मार्शल आर्ट्स एकेडमी के चीफ जितेंद्र कुमार ने बताया कि सीनियर वर्ग में विवेक जायसवाल (60–64.9 किग्रा) और सौरभ राज (80+हेवीवेट) ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया. जूनियर वर्ग में कनिष्क सिंह, मोहम्मद आमिर, विपिन और सीनियर वर्ग में तोषक अंश व अनादि मेहरोत्रा ने सिल्वर पदक हासिल किया. सब-जूनियर वर्ग में शिवांश हिंगे, अभिराज वर्मा, भव्य वर्मा, अजय कुमार, दक्ष रस्तोगी व सार्थक पटेल ने कांस्य पदक जीते.
बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. सब-जूनियर वर्ग में कृतिका ने सिल्वर पदक, सीनियर वर्ग में उन्नति श्रीवास्तव और माही वर्मा ने सिल्वर पदक जीते. वहीं तीव्रिका श्रीवास्तव और भूमि मिश्रा ने कांस्य पदक प्राप्त किया. कुल मिलाकर भारत की झोली में 7 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य पदक आए.

प्रतियोगिता में भारत की तरफ से इंडिया चीफ जितेंद्र कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया. बच्चों ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ मुकाबला किया और पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि हमारे जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है.

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में नेपाल की ओर से मुख्य अतिथि के रूप में वर्ल्ड टोंग इल मो डो संघ के चेयरमैन डॉ. चुंग सिक यॉन्ग, विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण विभाग के मंत्री मेघराज खड़का, नेपाल राष्ट्रीय मार्शल आर्ट खेल परिषद के अध्यक्ष खड़क सिंह नागरी एवं टोंग इल मो डो संघ के उपाध्यक्ष मास्टर तेज बहादुर सिंह शामिल हुए. भारत की तरफ से इंडिया चीफ जितेंद्र कुमार, टीम कोच आलोक मिश्रा, सौरभ राज, टीम मैनेजर विवेक जायसवाल, ऑफिशियल नित्यानंद गुप्ता व प्रमोद तिवारी सहित अन्य कोच व अधिकारी प्रतियोगिता में शामिल रहे.

उन्होंने बताया कि नेपाल के धनगढ़ी कैलाली में 3 से 5 जनवरी 2026 तक तंग इल मूडो, कोरियन ओपन मार्शल आर्ट इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2026 आयोजित की गई थी. इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की ओर से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, देवरिया और लखनऊ से कुल 40 खिलाड़ी और 5 ऑफिशियल शामिल हुए, जिनमें लखीमपुर खीरी की 24 सदस्यीय कराटे-वूशु टीम भी शामिल रही.

यह भी पढ़ें : वाराणसी में नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप; यूपी ने तेलंगाना को 3-0 से दी मात

