सरकारी स्कूल में ढाई साल के बच्चे की पिटाई, मासूम का रो-रोकर बुरा हाल
मासूम की पिटाई के बाद शिक्षिका ने अभिभावक को दी धमकी, कहा- 'जो करना है कर लो'.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 22, 2026 at 5:54 PM IST
ठियोग: अकसर ऐसे मामले सामने आते हैं, जहां शिक्षकों द्वारा बच्चों की बेरहमी से पिटाई की जाती है, जिससे बच्चों के मन में स्कूल का डर बैठ जाता है और वे स्कूल जाने के नाम पर ही रोने लगते हैं. ऐसा ही एक मामला शिमला जिले से भी सामने आया है. शिमला जिले के उपमंडल ठियोग के तहत प्राइमरी स्कूल चियोग में एक शिक्षिका ने एक बच्चे को पीट दिया. जिसके बाद बच्चा इतना सहम गया कि घर में भी उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. परिवार द्वारा इसकी शिकायत स्कूल प्रिंसिपल और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर की गई है.
टॉयलेट करने पर की पिटाई
बच्चे के पिता गोपाल शर्मा ने बताया कि उनका बेटा ढाई साल का है. मंगलवार सुबह 10 बजे उन्होंने बच्चे को स्कूल भेजा था. उन्होंने बताया कि करीब 10:30 बजे उनकी बहन को फोन आया कि उनके बेटे को टीचर ने थप्पड़ मारा है. जिसके बाद वो अपने बेटे को लेने के लिए स्कूल पहुंचे. जब उन्होंने टीचर से पूछा कि क्यों उनके बेटे को मारा गया तो उन्हें बताया कि बच्चे ने टॉयलेट कर दिया था. जब उन्होंने इसकी शिकायत प्रिंसिपल से की तो संबंधित टीचर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और कहा कि 'जो करना है कर लो, मेरी पहुंच बहुत ऊपर तक है'.
"अभी दो दिन हुए थे स्कूल में डाले हुए. अब टीचर कह रही है कि कल से आना नहीं चाहिए तुम्हारा बच्चा स्कूल में, जो करना है कर लो, मेरी पहुंच बहुत ऊपर तक है. हम भी सोचते हैं कि बच्चों को सरकारी स्कूल में डालें, लेकिन वहां टीचर ही ढंग से बात करके राजी नहीं है. छोटे-छोटे बच्चों को थप्पड़ मारे जा रहे हैं. फिर पेरेंट्स भी प्राइवेट स्कूल की ओर ही देखते हैं, जहां कम से कम बच्चों से मिसबिहेव नहीं होता है. 8-10 औरतें और हैं, जिन्होंने भी बताया कि सरकारी स्कूल के टीचर उनके बच्चों से भी बहुत बदतमीजी से बात करते हैं, पेरेंट्स से भी बदतमीजी से बात की जाती है." - गोपाल शर्मा, बच्चे का पिता
मार के बाद से बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल
अभिभावक गोपाल शर्मा ने बताया कि अभी दो दिन ही हुए थे बच्चे को स्कूल जाते हुए, लेकिन शिक्षिका की मार के बाद बच्चे के मन में डर बैठ गया है और वो लगातार रो रहा है. उन्होंने बताया कि घर में आने के बाद भी बच्चा बार-बार पिटाई को लेकर रो रहा है. वहीं, बच्चा अपने गाल पर हाथ रखकर कह रहा है कि 'मैम ने पिटाई की'. उन्होंने कहा कि सिर्फ इतनी सी बात पर की बच्चे ने टॉयलेट कर दिया, टीचर ने आव देखा न ताव बच्चे को जोर से थप्पड़ मार दिया. जिसके कारण बच्चा तब से रोए जा रहा है. उन्होंने स्कूल प्रबंधन और स्कूल प्रिंसिपल से इस मामले में जल्द उचित कदम उठाने की मांग की है.
"हमें मामले के बारे में जानकारी प्राप्त हुई है. शिक्षक और अभिभावक के साथ बैठक कर पूरी जानकारी जुटाई जाएगी, जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी." - संदीप शर्मा, प्रिंसिपल, प्राइमरी स्कूल चियोग

