टीचर कोचिंग में करता था 10वीं की छात्रा से रेप, सब्र का बांध टूटा तो पुलिस और परिजनों को बताया
कोचिंग जाने से इंकार करने पर मां ने पूछी तो छात्रा ने बताई अध्यापक की सच्चाई, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 5:51 PM IST
कानपुर: जिले में गुरु और शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है. कोचिंग पढ़ाने वाला टीचर डरा-धमकाकर 10वीं की छात्रा से महीने भर से दुष्कर्म कर रहा था. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, बाबू पुरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में पढ़ती है. इसी स्कूल काअध्यापक प्राइवेट कोचिंग भी चलाता है. छात्रा वहां भी पढ़ने जाती थी. अचानक गुरुवार को छात्रा ने कोचिंग जाने से मना कर दिया. कोचिंग न जाने को लेकर मां ने पूछी तो रो पड़ी और अध्यापक की सारी हरकतों के बारे में बताया.
छात्रा ने बताया कि दिसंबर 2025 में देवेंद्र ने उसे बहला-फुसलाकर कोचिंग सेंटर में ही उसके साथ दुष्कर्म किया. किसी को बताने पर देवेंद्र ने माता-पिता और छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी, जिससे छात्रा डर गई. इसके बाद अध्यापक देवेंद्र लगातार उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा. छात्रा द्वारा बताई गई बातों को सुनकर परिजन आग बबूला हो गए और किदवई नगर थाने में अध्यापक देवेंद्र पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया.
एडीसीपी साउथ योगेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी कोचिंग संचालक के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है. छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है. कोचिंग संचालक को जेल भेज दिया गया है.
ये भी पढ़े: नशीला पेय पिला बच्ची से गलत काम, दोस्तों को भी बुला रखा था जालिम प्रेमी ने
ये भी पढ़े: मुजफ्फरनगर में बच्ची के साथ बलात्कार का मामला, दोषी को उम्रकैद की सजा

