ETV Bharat / state

शिक्षिका पर छात्रा की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप, होमवर्क पूरा ना करने से थीं खफा, परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश

अल्मोड़ा लमगड़ा ब्लॉक में होमवर्क पूरा ना करने पर शिक्षिका पर छात्रा की पिटाई करने का आरोप लगा है.

Girl student beating case in Almora
सांकेतिक फोटो (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 24, 2026 at 8:51 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अल्मोड़ा: लमगड़ा ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा छह की छात्रा के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है. छात्रा के परिजनों ने विद्यालय की एक अतिथि शिक्षिका पर होमवर्क पूरा नहीं करने पर छात्रा की बेत से पिटाई करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद छात्रा के शरीर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान मिले हैं. मामले को लेकर परिजनों और क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश है. उन्होंने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमा बिष्ट मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है.

कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा को होमवर्क दिया गया था. बताया जा रहा है कि छात्रा लगातार चार-पांच दिनों से होमवर्क पूरा करके विद्यालय नहीं ला रही थी. इसी बात को लेकर शिक्षिका ने छात्रा को डांटा. आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका ने आपा खो दिया और बेत से छात्रा की पिटाई कर दी. पिटाई के बाद छात्रा काफी देर तक रोती रही. विद्यालय की छुट्टी होने के बाद छात्रा जब रोते हुए घर पहुंची तो परिजनों ने उसके शरीर पर पिटाई के निशान देखे तो वे आक्रोशित हो गए.

राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में अतिथि शिक्षिका के एक छात्रा की पिटाई किए जाने का मामला संज्ञान में आया है. विद्यालय बंद होने के बाद घटना की जानकारी मिल पाई. घटना के बाद मामले की जांच की जाएगी.जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अतिथि शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
-प्रेमा बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा-

इसके बाद परिजन मामले की शिकायत लेकर विद्यालय पहुंचे. सूचना मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. विद्यालय के प्रधानाचार्य मारकंडे शुक्ला ने बताया कि जानकारी के अनुसार छात्रा पिछले चार-पांच दिनों से होमवर्क करके नहीं ला रही थी. इसी बात पर शिक्षिका ने उसे डांटा और पिटाई कर दी. उन्होंने कहा कि छात्रा को पीटना गलत है. परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है. मामले में अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने रोष जताया है. साथ ही मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पढ़ें-उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रहे बाल अपराध, जानिए पॉक्सो कोर्ट की स्थिति, आंकड़े कर रहे हैरान