मौलाना तौकीर रजा के बेटे फरमान का एक्सीडेंट; कार में मिली क्रिस्टल ड्रग्स और सिरिंज
पुलिस ने फरमान के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 8/22ए में मुकदमा दर्ज करके हिरासत ले लिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 7:21 AM IST
|Updated : January 7, 2026 at 4:04 PM IST
शाहजहांपुर: तिलहर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे-24 पर काच्यानी खेड़ा मंदिर के पास एक कार रोडवेज बस में पीछे से टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद कार का एयरबैग खुल गया, जिससे इसमें सवार युवक की जान बच गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को बाहर निकाला. कार की जांच की गई तो उसमें नीले रंग के बैग में सफेद क्रिस्टल की पुड़िया और सिरिंज बरामद की गई.
एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ की. उसने अपना नाम फरमान रजा बताया. यह मौलाना तौकीर रजा का बेटा है. युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है. इसके बाद जब फरमान के कार की जांच की गई, तो डिग्गी में नीले रंग का संदिग्ध बैग पाया गया. इसे खोलकर देखा गया तो इसमें सफेद रंग की पुड़िया और सिरिंज मिली है.
एसपी दीक्षा भंवरे ने बताया कि पुलिस पूछताछ में फरमान रजा ने बताया कि यह सफेद पुड़िया क्रिस्टल है. वह खुद के इस्तेमाल के लिए इसे अपने पास रखता है. करीब 1.5 ग्राम की पुड़िया और सिरिंज बैग से बरामद की गई है. युवक का मेडिकल कराने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की कि गई.
एयरबैग ने बचाई जान: जानकारी के मुताबिक, तौकीर राजा का बेटा बरेली की तरफ जा रहा था. शाहजहांपुर के तिलहर में उसकी कार सीतापुर डिपो की बस में पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी, कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए. यही वजह रही कि युवक फरमान रजा की जान बच गई. पुलिस ने तौकीर राजा के बेटे फरमान के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 8/22ए में मुकदमा दर्ज करके हिरासत ले लिया.
मुचलकों पर जमानत: पुलिस कि पूछताछ में फरमान ने बताया कि उसने दिल्ली के साकेत नगर से अभय नाम के शख्स से ड्रग्स की 1 ग्राम की यह पुड़िया खरीदी थी. आधा ग्राम ड्रग्स को वो यूज़ कर चुका है. फरमान ने पुलिस के सामने यह भी स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है. और अपनी तलब को पूरा करने के लिए क्रिस्टल का नाशा किया है. फिलहाल पुलिस ने फरमान रजा को मुचलकों के आधार पर आज सुबह जमानत पर छोड़ दिया.
क्या होता है क्रिस्टल ड्रग्स: जानकारों की मानें, तो क्रिस्टल ड्रग्स को क्रिस्टल मेथ (Crystal meth) या आइस (Ice) कहा जाता है. यह ज्यादा लत लगाने वाला सिंथेटिक स्टीमुलेंट है. यह अवैध और अत्यधिक नशीला पदार्थ है. भारत में इसकी कीमत 1 हजार रुपए प्रति ग्राम के आसपास है. रिपोर्ट्स बताती हैं, कि यह ड्रग्स पाकिस्तान के रास्ते पंजाब, हिमाचल, हरियाणा जैसे सीमावर्ती राज्यों में अवैध तरीके से सप्लाई की जाती है.
क्यों चर्चा में हैं मौलाना तौकीर रजा: बरेली के इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा फिलहाल बरेली दंगा मामले में जेल में हैं. मौलाना तौकीर रजा सितंबर 2025 में तब चर्चा में आए, जब उन्होंने एक रैली में जुमे की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन देने का ऐलान किया था.
इसको देखते हुए काफी लोग सड़कों पर निकले और इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में जाने लगे. जब पुलिस प्रशासन ने उनको रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया था.
इस मामले में योगी सरकार ने सख्त कार्रवाई की और बरेली के अलग-अलग थानों में मौलाना तौकीर रजा सहित कई लोगों पर 11 मामले दर्ज किए गए.
मौलाना तौकीर रजा ने कई बार जमानत के लिए याचिका लगाई, लेकिन अभी तक उन्हें जमानत नहीं मिल पाई है. इस मामले में सीएम योगी का बयान भी सुर्खियों में रहा, जिसमें वह कहते हैं, कि दंगा क्या होता है? यह बरेली के मौलाना से पूछ लीजिए.

