ETV Bharat / state

3 लोगों की मौत के बाद जागा PWD, दुर्घटना के बाद अब होगी सड़क की टारिंग

खराब सड़क के कारण हो रहा ट्रैफिक जाम, अब अढ़ाई करोड़ के बजट से होगा सड़क टारिंग का काम.

Bhuntar-Manikaran road
भुंतर से मणिकर्ण सड़क (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 19, 2026 at 3:17 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: जिला कुल्लू के भुंतर से मणिकर्ण सड़क की हालत को सुधारने के लिए अब लोक निर्माण विभाग द्वारा टारिंग का काम किया जाएगा. खराब सड़क के चलते जहां स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. वहीं, आए दिन यहां पर सड़क दुर्घटना भी देखने को मिल रही थी. बीते दिनों भी पंजाब के सैलानियों की गाड़ी सरसाड़ी नामक स्थान पर सड़क से नीचे खाई में गिर गई थी, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. अब हादसे के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग जाग गया है और सड़क पर टारिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. ऐसे में अब लोगों को भी उम्मीद है कि सड़क की टारिंग होने से यहां पर सड़क हादसों पर लगाम लगेगी और सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी ट्रैफिक की समस्या से निजात मिलेगी. ़

Bhuntar-Manikaran road
सड़क पर पहले भी हो चुकी है दुर्घटना (ETV Bharat)

"भुंतर से मणिकर्ण सड़क की स्थिति जिन स्थानों पर खराब बनी हुई है. उन स्थानों में टारिंग को लेकर योजना बनी है. बजट भी उपलब्ध है. टेंडर प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा और उसके बाद लोगों को आने-जाने में दिक्कत नहीं होगी." - बीसी नेगी, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग

Bhuntar-Manikaran road
सड़क की खराब हालत के कारण होता है ट्रैफिक जाम (ETV Bharat)

2.17 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत

लोक निर्माण विभाग के अनुसार इस सड़क की मरम्मत के लिए 2.17 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया है. करीब 35 किलोमीटर सड़क के जिन हिस्सों में टारिंग उखड़ चुकी है, वहां नए सिरे से टारिंग की जाएगी. ऐसे में अब लोक निर्माण विभाग ने 100 से 500 मीटर लंबाई के ऐसे कई स्पॉट चिह्नित किए हैं, जहां मरम्मत कार्य किया जाना है. सड़क सुधार कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. करीब 35 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कई जगहों पर टारिंग पूरी तरह से उखड़ चुकी है. सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है.

Bhuntar-Manikaran road
भुंतर से मणिकर्ण सड़क पर होगी टारिंग (ETV Bharat)

अक्सर बन जाती है ट्रैफिक जाम की स्थिति

मणिकर्ण घाटी के समाजसेवी शेरा नेगी ने बताया कि इस सड़क की खराब हालत के कारण वर्तमान में गाड़ी हिचकोले खाते हुए गुजरने को मजबूर हैं. खराब सड़क के कारण कई बार ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. क्षेत्र के लोग लंबे समय से सरकार, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क की हालत सुधारने की मांग कर रहे हैं. ऐसे में सड़क को चौड़ा करने की किसी बड़ी योजना के धरातल पर उतरने से पहले विभाग ने इसकी टारिंग करवाने की पहल की है. इससे अब लोगों को राहत मिलेगी.

भुंतर के वाहन चालक राजेश कुमार ने बताया, "भुंतर से मणिकर्ण सड़क की स्थिति बेहद खराब है. जिससे वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चलाना जोखिम भरा और कठिन हो गया है. टारिंग होने से वाहन चालकों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी और सफर अधिक सुरक्षित और सुगम बन सकेगा."

ये भी पढ़ें: हिमाचल के वनों में 50 हजार दिनों का स्थानीय काम उपलब्ध, जंगली आम, आंवला, पाइन नीडल्स आदि में छिपा 22600 करोड़ का खजाना

ये भी पढ़ें: जंगलों से जल्दी हटाएं अतिक्रमण, 31 दिसंबर तक वन विभाग के कब्जे में लें भूमि- PCCF