सरकार और पालिका-फायर कर्मचारी यूनियनों के बीच वार्ता विफल, आंदोलन तेज करने का ऐलान
चंडीगढ़ में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन और सरकार के बीच बैठक हुई. वार्ता विफल हो गई.

Published : August 14, 2026 at 8:33 PM IST
चंडीगढ़: नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन और सरकार के बीच हुई वार्ता विफल हो गई. वहीं शहरी स्थानीय निकाय एवं आयकर-कराधान मंत्री के शामिल नहीं होने पर कर्मचारियों में रोष है. नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के साथ बातचीत के नाम पर केवल दिखावा कर रही है और 13 मई को हुए समझौते में मानी गई मांगों के पत्र जारी करने से पीछे हट रही है. आज हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुलकर मौजूद थे.
विफल रही सरकार और कर्मचारियों की बीच वार्ता: राज्य नगरपालिका कर्मचारी संघ प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि "कर्मचारियों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार 13 मई के समझौते के अनुसार मानी गई मांगों के क्रियान्वयन के पत्र जारी नहीं करती. इनमें पालिका रोल पर लगे अनुबंध एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, रिक्त पदों पर पक्की भर्ती करना, सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की पक्की भर्ती, फायर विभाग के अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करना तथा फायर के शहीद कर्मचारी भविष्य चंद्र एवं रणवीर के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सहित वर्दी भत्ता, जोखिम भत्ता एवं अन्य मांगें शामिल हैं."
सरकार पर गंभीर आरोप: उन्होंने कहा कि 13 मई के समझौते में 17 मांगों पर सहमति बनने के बावजूद सरकार आज तक उनके पत्र जारी नहीं कर रही है. इससे साफ है कि सरकार कर्मचारियों के साथ किए गए समझौते को लागू करने के बजाय आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रही है. नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है. दोनों यूनियनों ने निर्णय लिया है कि कल 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी धरना स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा “स्वतंत्र भारत में स्वदेशी सरकारों द्वारा सफाई कर्मचारियों के साथ गुलाम जैसा व्यवहार क्यों?” विषय पर विचार गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी.
आंदोलन को तेज करने की चेतावनी: नरेश शास्त्री ने कहा कि "स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सफाई, सीवर एवं पालिका कर्मचारियों के परिवारों और बच्चों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया जाएगा. सरकार से सवाल किया जाएगा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी समाज के सबसे जरूरी और जोखिमपूर्ण काम करने वाले सफाई एवं सीवर कर्मचारियों को उनका अधिकार क्यों नहीं दिया जा रहा है. हड़ताल को आगे बढ़ाने अथवा आंदोलन को और तेज करने का फैसला 15 अगस्त को होने वाली विचार-विमर्श बैठक के बाद नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा लिया जाएगा. मांगों के पत्र जारी होने तक पालिका एवं फायर कर्मचारियों का आंदोलन जारी रहेगा. सरकार यदि जल्द ठोस निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को प्रदेशभर में और व्यापक किया जाएगा."

