ETV Bharat / state

स्कूल यूनिफॉर्म की शिकायत करने पहुंचे प्रिंसिपल पर टेलर ने किया हमला, इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से कटी उंगली

स्कूल प्रिंसिपल की ओर से पुलिस में शिकायत की गई है. पुलिस दोनों पक्षों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.

Tailor Attacks School Principal
घायल स्कूल प्रिंसिपल (ETV Bharat Alwar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 25, 2026 at 2:51 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अलवर: शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में निजी स्कूल की यूनिफॉर्म की क्वालिटी को लेकर शिकायत दूर कराने पहुंचे प्रिंसिपल और टेलर में विवाद हो गया. कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. टेलर ने धारदार हथियार से प्रिंसिपल पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर घायल हो गए. स्कूल के लोग मौके पर पहुंचे और प्रिंसिपल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया. स्कूल प्रशासन ने वैशाली नगर थाने में प्रकरण दर्ज कराया है. दूसरे पक्ष को भी हल्की चोट आई है, जिसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है.

वैशाली नगर थानाधिकारी महेश तिवारी ने बताया कि स्कूल प्रिंसिपल और टेलर में विवाद हो गया, जो बाद में झगड़े में बदल गया. पीड़ित पक्ष के गौरव शर्मा ने बताया कि घायल प्रिंसिपल हेमसिंह राजपूत वैशाली नगर स्थित स्कूल में प्रिंसिपल हैं. कुछ दिनों से यूनिफॉर्म को लेकर परिजनों की शिकायत आ रही थी. प्रिंसिपल ने फोन पर टेलर को अवगत कराया, जिस पर टेलर ने उन्हें वैशाली नगर स्थित अपने गोदाम पर बुलाया. मंगलवार को प्रिंसिपल टेलर राकेश के पास पहुंचे और शिकायतें दूर करने की बात कही. इस दौरान कहासुनी मारपीट में बदल गई.

पढ़ें: शिक्षक पर हमला करने वाले तीनों आरोपी गिरफ्तार, मकान का कब्जा खाली करवाने से थे नाराज

गौरव ने आरोप लगाया कि राकेश टेलर ने पास रखी कैंची से प्रिंसिपल पर हमला किया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी. टेलर ने कपड़े काटने वाला इलेक्ट्रिक ग्राइंडर चला दिया, जिससे प्रिंसिपल की उंगली कट गई. सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और प्रिंसिपल को जिला अस्पताल लेकर गए. महेश तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इस घटना में दोनों पक्ष घायल हुए हैं. जिनका उपचार जारी है. उन्होंने बताया कि स्कूल प्रिंसिपल की ओर से शिकायत मिली है. दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर प्रकरण में अनुसंधान किया जाएगा.