ETV Bharat / state

डॉ. मुखर्जी की जयंती के बहाने युवा शक्ति पर भाजपा का फोकस, पंचायत-निकाय चुनावों की तैयारी तेज

जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के बहाने युवा मोर्चा प्रदेशव्यापी अभियान चला रहा है.

Syama Prasad Mookerjee Birth Anniversary
युवा शक्ति पर भाजपा का फोकस (Source : Rajasthan BJP)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 6, 2026 at 6:03 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित छात्र सम्मेलन के जरिए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश में युवाओं के बीच अपने संगठनात्मक विस्तार का अभियान तेज कर दिया है. पार्टी इसे केवल वैचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी पंचायत और निकाय चुनावों से पहले युवा मतदाताओं और छात्र शक्ति को भाजपा के साथ जोड़ने की रणनीति के रूप में काम कर रही है.

सोमवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित छात्र सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकता और युवा नेतृत्व से जुड़े विचारों को प्रमुखता से रखा. कार्यक्रम के माध्यम से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश संगठन मंत्री अजेय कुमार ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का संदेश दिया गया. भाजपा युवा मोर्चा को इसकी जिम्मेदारी दी गई है. युवा मोर्चा प्रदेश के सभी संभागों में छात्र सम्मेलन आयोजित कर युवाओं के बीच जमीन पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है. इसके बाद जिला और मंडल स्तर पर भी युवा मोर्चा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर युवाओं के बीच जाएगा.

किसने क्या कहा, सुनिए... (ETV Bharat Jaipur)

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा : भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने कहा कि युवाओं को डॉ. मुखर्जी के जीवन और विचारों का अध्ययन करना चाहिए, ताकि उन्हें यह समझने का अवसर मिले कि अपनी ऊर्जा और युवावस्था को राष्ट्र निर्माण में किस प्रकार लगाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि मात्र 33 वर्ष की आयु में डॉ. मुखर्जी कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बने और बाद में बंगाल सरकार में वित्त मंत्री तथा स्वतंत्र भारत की पहली सरकार में उद्योग मंत्री के रूप में कार्य किया.

अजेय कुमार ने कहा कि पूर्वी पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार और नेहरू-लियाकत समझौते से असहमति के कारण उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर राष्ट्रवादी राजनीतिक विकल्प के निर्माण का मार्ग चुना. उन्होंने कहा कि 'एक देश, एक निशान, एक प्रधान' के संकल्प के साथ डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में आंदोलन किया और राष्ट्र की एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.

पढ़ें : प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार की जयपुर में 'दस्तक', पंचायत-निकाय चुनाव पहली अग्नि परीक्षा

गांधी परिवार सहित अन्य बेल पर : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में अलग-अलग विचारधाराओं के लोग एक लक्ष्य के लिए साथ आए थे, लेकिन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आजादी के बाद भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता के मुद्दों पर कभी समझौता नहीं किया. उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अलग संविधान, अलग झंडे और परमिट व्यवस्था का विरोध करते हुए 'एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे' का उद्घोष दिया.

राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भाजपा के नेताओं पर सवाल उठाने वाले यह भी बताएं कि देश में सबसे अधिक समय तक कौन सत्ता में रहा. उन्होंने कहा कि गांधी परिवार सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न मामलों में बेल पर चल रहे हैं. उन्हें अदालतों और जांच एजेंसियों का सामना करना पड़ा है, इसलिए भाजपा पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा का राजनीतिक दर्शन सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और सुशासन की विचारधारा पर आधारित है. पार्टी की इसी विचारधारा को युवाओं के बीच लेकर जाना है.

युवा हितैषी योजनाएं :

  • 2 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र.
  • रोजगार और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर.
  • पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून और कार्रवाई.
  • स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा.
  • स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहन.
  • कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) पर विशेष फोकस.
  • युवा सशक्तीकरण एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम.
  • केंद्र और राज्य सरकार की युवा कल्याण योजनाओं की जानकारी घर-घर तक.

युवाओं तक सरकार की योजनाएं पहुंचाएगा : भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि छात्र सम्मेलन केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं से व्यापक संवाद अभियान की शुरुआत है. इससे पहले आदिवासी क्षेत्र से छात्र सम्मेलन आयोजित हो गए. प्रदेश के सभी संभाग में होंगे. उन्होंने बताया कि यह अभियान संभाग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के सभी संभागों, जिलों और मंडलों तक चलाया जाएगा. युवा मोर्चा विभिन्न छात्र सम्मेलनों और संपर्क अभियानों के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी देगा.

पढ़ें : मदन राठौड़ बोले- कांग्रेस में परिवार फर्स्ट, बीजेपी में नेशन फर्स्ट, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने कही ये बात

शंकर गोरा ने बताया कि अभियान के दौरान रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, स्वरोजगार और युवा सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से युवाओं के बीच रखा जाएगा. इसके साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार द्वारा दो लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्ती से की गई कार्रवाई की जानकारी भी साझा की जाएगी. उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, संगठन और विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है.