ETV Bharat / state

स्वाइन फ्लू का अलर्ट: स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियों पर लगी रोक!

अलर्ट मोड पर सरकार, सभी 75 जिलों को सख्त निर्देश

Etv Bharat
Etv Bharat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 11:11 AM IST

|

Updated : August 29, 2026 at 11:20 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: प्रदेश में मौसम बदलने के साथ स्वाइन फ्लू के केस बढ़ने लगे हैं. इसे देखते हुए योगी सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है. उप मुख्यमंत्री और चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को स्वास्थ्य भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी 75 जिलों के सीएमओ और सीएमएस के साथ बैठक की और सख्त आदेश जारी किए.

छुट्टी को लेकर कड़े निर्देश: बैठक में ब्रजेश पाठक ने साफ कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में जांच, दवा और बेड की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए. डिप्टी सीएम ने सबसे बड़ा फैसला लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है. अब किसी भी सीएमओ, सीएमएस, डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ को शासन की अनुमति के बिना छुट्टी नहीं मिलेगी. यदि कोई अधिकारी मुख्यालय से बाहर जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.

सभी जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों में फ्लू कॉर्नर सक्रिय किए जाएं. ओपीडी में आने वाले हर बुखार के मरीज की स्क्रीनिंग की जाए. सैंपल कलेक्शन और रिपोर्टिंग में देरी न हो.- ब्रजेश पाठक, डिप्टी सीएम

UP में हाई अलर्ट! बिना मंजूरी नहीं मिलेगी छुट्टी (Video Credit: ETV Bharat)



लक्षण दिखते ही आइसोलेट हों मरीज: स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि स्वाइन फ्लू के लक्षण तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और सांस लेने में तकलीफ दिखते ही मरीज को तुरंत एकांतवास में भेजा जाए. सामान्य मरीजों को होम आइसोलेशन में रखकर दवा दी जाए, जबकि गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जाए.

स्वाइन फ्लू पर एक्शन मोड में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
स्वाइन फ्लू पर एक्शन मोड में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Photo Credit: ETV Bharat)
क्या हैं लक्षण: तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, बदन दर्द, थकान और सांस लेने में तकलीफ स्वाइन फ्लू के मुख्य लक्षण हैं.क्या करें:
  • खांसी-जुकाम होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और खुद से दवा न लें.
  • लक्षण दिखने पर घर में एकांतवास में रहें और मास्क पहनें.
  • हाथों को साबुन से बार-बार धोएं.
  • पौष्टिक आहार लें और पानी अधिक सेवन करें.
  • भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें.



क्या न करें:

  • बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक न लें.
  • संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें.
  • लक्षणों को सामान्य फ्लू समझकर नजरअंदाज न करें.

जनता से अपील: डिप्टी सीएम ने आम लोगों से भी अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है. भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाएं, हाथों की सफाई रखें और लक्षण दिखने पर खुद से दवा लेने की बजाय सरकारी अस्पताल में संपर्क करें. प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है. उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. गंभीर स्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या जिला अस्पताल में भर्ती हों.108 एम्बुलेंस सेवा और हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट मोड पर यूपी के अस्पताल, सीएम योगी ने दिए ये निर्देश

यह भी पढ़ें: मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू की दस्तक: दो महिलाओं में H1N1 वायरस की पुष्टि, सीएमओ की अपील- पैनिक न हों

Last Updated : August 29, 2026 at 11:20 AM IST