दौसा में NH-21 पर पलटी एसयूवी, एक युवक की मौत...मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे सात दोस्त
एसयूवी बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलटियां खाते हुए सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी. पांच युवक घायल हैं.

Published : May 31, 2026 at 1:53 PM IST
दौसा: जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे-21 पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. रेटा गांव के पास दोपहर करीब 11 बजे तेज रफ्तार एसयूवी बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलटियां खाते हुए सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी. इसमें एक युवक की मौत हो गई और पांच घायल हुए हैं. हादसे की पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इसका वीडियो देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए.
थाना प्रभारी अशोक चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है. हालांकि दुर्घटना के असली कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. हादसे में जान गंवा चुके युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. एसयूवी में कुल सात दोस्त सवार थे, जो मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर हनुमानगढ़ लौट रहे थे. सभी युवक हनुमानगढ़ और आसपास के निवासी हैं. रेटा गांव के पास पहुंचते ही कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिखा. एसयूवी पहले डिवाइडर से टकराई और फिर कई बार पलटते हुए सड़क किनारे खेतों में जा गिरी.
पढ़ें:अलवर में सवारियों से भरी रोडवेज बस पलटी, कई यात्री हुए घायल
पलटती कार से बाहर निकले दो युवक: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि वाहन के पलटते ही उसके दरवाजे खुल गए और दो युवक बाहर जा गिरे. दुर्घटना के दौरान वाहन का एक टायर भी निकल गया, जो काफी दूर हाइवे पर लुढ़कता रहा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
एक घायल गंभीर हालत में जयपुर रेफर: हादसे में हनुमानगढ़ निवासी राजपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच युवक घायल हो गए. घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया. घायलों में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है. घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया. मृतक का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.
पढ़ें: बड़ा हादसा : नागौर में रोडवेज बस और कार की टक्कर, 4 की मौत

