पांवटा के विश्वकर्मा चौक पर सब्जी विक्रेता की संदिग्ध मौत, गले पर मिले कट के निशान
पांवटा साहिब में सब्जी विक्रेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 18, 2026 at 10:24 AM IST
सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के व्यस्त विश्वकर्मा चौक पर मंगलवार तड़के शिलाई क्षेत्र के एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान भाव सिंह निवासी शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है. पुलिस को उसके गले पर कट के निशान मिले हैं. फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के करीब ढाई से 3 बजे के बीच भाव सिंह को गंभीर हालत में पांवटा साहिब सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल से पुलिस को सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
गले पर मिले कट के निशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर कट का निशान पाया गया है और उसके कपड़े भी खून से सने हुए थे. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चोट किस परिस्थिति में लगी और उसकी मौत का वास्तविक कारण क्या रहा. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. मृतक के बारे में बताया जा रहा है कि वह शिलाई क्षेत्र में सब्जी की दुकान चलाता था और किसी काम से पांवटा साहिब आया हुआ था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को भी सूचित कर दिया है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने विश्वकर्मा चौक और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भाव सिंह घटना से पहले किन लोगों के संपर्क में था और उसके साथ आखिर क्या हुआ. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि भाव सिंह किस स्थान से विश्वकर्मा चौक तक पहुंचा था और रास्ते में उसके साथ कोई घटना हुई थी या नहीं. फिलहाल किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है.
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि भाव सिंह के गले पर चोट कैसे लगी और वह गंभीर हालत में विश्वकर्मा चौक तक कैसे पहुंचा. जांच इन्हीं सवालों के जवाब तलाश रही है.

