ETV Bharat / state

अमेठी में GNM छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ केस दर्ज, मां बोली- बेटी को मार डाला

इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज आफ नर्सिंग छात्रावास में शुक्रवार को छात्रा का शव मिला था.

प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज.
प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 4:22 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अमेठी : इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग की जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा की मौत के मामले में बड़ा मोड़ आया है. छात्रा की मां की तहरीर पर स्कूल के प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच एवं विधिक कार्यवाही में जुट गई है. मां का आरोप है कि बेटी के साथ कुछ गलत किया गया है, इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई.

मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग छात्रावास में शुक्रवार को जीएनएम का कोर्स कर रही छात्रा का शव कमरे में मिला था. सुल्तानपुर जिले के बलदीराय थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर की रहने वाली पीड़िता ने मुंशीगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बेटी इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज आफ नर्सिंग में जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा थी. शुक्रवार को मोबाइल पर हमारी बात हुई थी.

बेटी ने कहा था कि राखी के त्योहार पर हम नहीं आयेंगे. छोटी बहन से भाई को राखी बंधवा देना. दोपहर बाद स्कूल से वार्डन नेहा शुक्ला का फोन आया. कहा कि आप की बेटी सीरियस है. जल्दी मुंशीगंज आ जाओ. हम पति के साथ कॉलेज के लिए निकल लिए. थोड़ी देर बाद ही दूसरे नम्बर से कॉल आया और थाना मुंशीगंज पहुंचने की बात कही.

लगभग 2.30 बजे मैं अपने पति तथा अन्य परिजनों के साथ नर्सिंग कॉलेज पहुंची. वार्डन नेहा शुक्ला ने बताया कि आपकी लड़की ने सुसाइड किया है. शव पुलिस ले गई है. वार्डन द्वारा बताया गया कि जिस कमरे में शव मिला उसका दरवाजा अंदर से बंद था. जिसे तोड़कर शव को बाहर निकाला गया. हम लोग मौके पर गए तो वहां जिस कमरे में शव मिलने की बात कही गई वहां इस तरह कुछ नहीं मिला.

स्कूल के प्रिंसिपल और वार्डन ने बिना शव दिखाये ही पुलिस को पोस्टमॉर्टम के लिए सौंप दिया. उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि यह बिल्कुल उचित नहीं है. मां ने बताया कि मेरी बेटी के साथ कुछ गलत हुआ है. उसे मार डाला गया है. यहां हमारे पहुंचने से पहले शव को यहां से हटा दिया गया. मुख्यमंत्री जी हमें इंसाफ दिलाएं. मृतका के माता-पिता दोनों दिव्यांग हैं.

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य के आधार मामले की गहन जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें : वाराणसी में 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा नदी का जलस्तर, गलियों और छत पर हो रहा अंतिम संस्कार