ETV Bharat / state

विवाहिता की संदिग्ध मौत: मृतका के पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

मृतका के पिता मंगल सिंह ने आंगई थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है.

Police and family members at the scene
मौके पर पुलिस और परिजन (ETV Bharat Dholpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 27, 2026 at 8:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धौलपुर: जिले में आंगई थाना क्षेत्र के चिलाचौंद गांव में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. आरोप है कि विवाहिता की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग मायके पक्ष को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार करने के लिए खेतों की ओर ले जा रहे थे. इसकी भनक लगने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए. उन्हें आता देख ससुराल पक्ष के लोग शव को खेत में छोड़कर मौके से फरार हो गए.

दहेज हत्या का आरोप: मृतका के पिता मंगल सिंह ने आंगई थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है. रिपोर्ट में बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उनकी बेटी जानकीबाई मीना की शादी चिलाचौंद गांव निवासी सुनील कुमार के साथ हुई थी. पिता के अनुसार शादी के समय ससुराल पक्ष की मांग पर परिवार ने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज दिया था. पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति के व्यवहार में बदलाव आ गया. वह जानकीबाई मीना से कथित तौर पर अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था. पिता ने आरोप लगाया कि गत 26 अगस्त की रात सुनील ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उनकी बेटी की हत्या कर दी.

पढ़ें: धौलपुर: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया, तीन महीने पहले हुई थी शादी

आत्महत्या या हत्या, जांच में जुटी पुलिस: विवाहिता की मौत को लेकर पुलिस फिलहाल किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, जबकि मृतका के सिर और आंख के आसपास चोट के निशान सहित अन्य परिस्थितियों को देखते हुए हत्या के आरोप की भी जांच की जा रही है. सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि मामले की जांच सीओ दुलीचंद द्वारा की जा रही है. पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

पढ़ें: विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

अंतिम संस्कार की तैयारी,खेत में छोड़ गए शव: परिजनों का दावा है कि जानकीबाई मीना की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग बिना मायके पक्ष को सूचना दिए शव को अंतिम संस्कार के लिए खेतों की ओर ले जा रहे थे. इसकी जानकारी मिलने पर मृतका के पिता मंगल सिंह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए. मायके पक्ष के लोगों को देखकर विवाहिता का पति सुनील और अन्य ससुराल पक्ष के लोग शव को खेत में छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.