बाराबंकी में तैनात दरोगा निलंबित; लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर हंगामा करने का आरोप, विभागीय जांच के बाद एक्शन
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 11:10 PM IST
लखनऊ : राजधानी के सबसे व्यस्त हजरतगंज चौराहे पर नए साल के जश्न के दौरान हंगामा करने वाले बाराबंकी के दरोगा पर कार्रवाई हुई है. एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने शुक्रवार को आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है.
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे. रिपोर्ट के आधार पर एसपी बाराबंकी अर्पित विजय वर्गीय ने शुक्रवार को सौम्य जायसवाल को निलंबित कर दिया है.
दरोगा पर लगे थे यह आरोप : घटना 31 दिसंबर की रात नए साल की पूर्व संध्या करीब 1:00 बजे की है. बाराबंकी में तैनात 2015 बैच के दरोगा सौम्य जायसवाल अपने दोस्तों के साथ कार से लखनऊ आया था. आरोप है कि हजरतगंज चौराहे पर जब ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने उसकी कार रोकने का इशारा किया, तो सौम्य ने रफ्तार बढ़ा दी. उसने कट मारते हुए वहां मौजूद कई पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया.
कार रुकने के बाद वहां मौजूद पुलिस उपायुक्त अपराध मौके पर पहुंचे, तो आरोपी दरोगा ने अपनी वर्दी का धौंस दिखाते हुए उनसे भी अभद्रता की. पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो अंदर से शराब की कई बोतलें बरामद हुईं थीं. हजरतगंज पुलिस ने उसी समय नशे में गाड़ी चलाने की धाराओं में उसका चालान किया और पूरी रिपोर्ट बाराबंकी पुलिस को भेज दी. जिसके बाद एसपी बाराबंकी अर्पित विजय वर्गीय ने शुक्रवार को सौम्य जायसवाल को निलंबित कर दिया है. जांच में सामने आया कि आरोपी दरोगा पहले भी कई महीनों तक निलंबित रह चुका है.

