निलंबित महिला बैंक कैशियर 2 करोड़ से ज्यादा के गबन में गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के बैंक घोटाला में कार्रवाई की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 27, 2026 at 7:28 AM IST
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में एसीबी/ईओडब्ल्यू ने गुरुवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक निलंबित अधिकारी को 2 करोड़ रुपये से ज्यादा के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया.
19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच 2 करोड़ से ज्यादा का घोटाला
मामला बिलासपुर जिले के बिल्हा स्टेट बैंक शाखा का है. जहां कैशियर के पद पर तैनात तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि कैशियर ने बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर भारी आर्थिक अनियमितता की. 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच कैशियर ने कथित रूप से बैंक कर्मचारियों और अन्य लोगों के साथ मिलकर पद का दुरुपयोग किया. जांच में सामने आया कि आरोपी ने खातों में हेरफेर कर करीब 2.06 करोड़ रुपये की राशि का गबन कर बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया.
ACB/EOW कर रही थी जांच
इस पूरे मामले की शिकायत शाखा प्रबंधक पीयूष बारा द्वारा आर्थिक अपराध अन्वेषण/एंटी करप्शन ब्यूरो मुख्यालय रायपुर में की गई थी.शिकायत के आधार पर 19 जनवरी 2026 को आरोपी और अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की.
2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 600 का हेरफेर
एसीबी की जांच के दौरान बैंक की विभागीय जांच रिपोर्ट और स्वतंत्र रूप से जुटाए गए साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि कैशियर तेजवथ ने योजनाबद्ध तरीके से राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया था. इसके बाद लेनदेन को छिपाने के लिए रकम को बैंक के अलग अलग खर्चों जैसे पेय पदार्थ भोजन व किराया और रखरखाव मद में दर्शाया.
निलंबन के बाद से थी गायब
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी जून 2025 से निलंबित थी और उन्हें रिजनल बिजनेस ऑफिस जगदलपुर में अटैच किया गया था लेकिन वह लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही थी. एसीबी टीम पिछले कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी.
आरोपी महिला बैंक अधिकारी गिरफ्तार
गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बिल्हा स्थित बैंक शाखा में गोपनीय रूप से पहुंची हुई है. सूचना मिलते ही एसीबी बिलासपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान आरोपी के पास से एक संदिग्ध मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है.
अधिकारियों का कहना है कि इस मोबाइल से आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है.बताया जा रहा है कि तेजवथ मूलत आंध्रप्रदेश के खम्मम जिले की रहने वाली है और घटना के समय वह बिल्हा शाखा में पदस्थ थी. एसीबी इस घोटाले में शामिल अन्य कर्मचारियों और सहयोगियों की भूमिका की भी बारिकी से जांच कर रही है. गिरफ्तार कैशियर को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया चल रही है. फिलहाल जांच जारी है और आगे भी इस मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना है.

