बलौदाबाजार में सुशासन तिहार, सीएम साय ने करहीबाजार का किया दौरा, अहम घोषणाएं की
सीएम विष्णुदेव बलौदाबाजार के दौरे पर रहे. यहां सुशासन तिहार में उन्होंने विकास कार्यों की सौगात दी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 22, 2026 at 7:12 PM IST
बलौदाबाजार: सुशासन तिहार के तहत शुक्रवार को सीएम विष्णु देव साय बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखंड भाटापारा स्थित करहीबाजार पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और विशेष सचिव रजत बंसल भी मौजूद रहे. सीएम का मंत्री टंकराम वर्मा, बीजेपी नेता शिवरतन शर्मा, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी ओपी शर्मा समेत अन्य नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया.
करहीबाजार को मिली विकास की बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं. इनमें सड़क, शिक्षा, भवन निर्माण और सामाजिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं. सबसे बड़ी घोषणा करहीबाजार में सर्व समाज के लिए सांस्कृतिक भवन निर्माण की रही, जिसके लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से ऐसे भवन की जरूरत महसूस की जा रही थी, जहां सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें.
शिक्षा और अधोसंरचना विकास के लिए ऐलान
मुख्यमंत्री ने गांव में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सड़क निर्माण की भी घोषणा की. सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 25 लाख रुपए मंजूर किए गए. इस सड़क के बनने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. बरसात के दिनों में खराब रास्तों की समस्या लंबे समय से लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई थी. सीएम साय ने हायर सेकेंडरी स्कूल करहीबाजार में भवन निर्माण और हायर सेकेंडरी स्कूल कोदवा में भवन निर्माण का ऐलान किया है. इसके अलावा गुड़ेलिया के मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नयन करने की भी घोषणा हुई. इस फैसले से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. खासकर ग्रामीण छात्राओं को इसका बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने का फैसला
भाटापारा में एसडीएम और तहसील कार्यालय के लिए संयुक्त भवन निर्माण की स्वीकृति भी मुख्यमंत्री ने दी. इससे प्रशासनिक कामकाज अधिक व्यवस्थित होगा और लोगों को विभिन्न कार्यालयों के लिए अलग-अलग जगहों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
गांव के विकास पर सीएम साय का फोकस
सीएम साय ने गांवों के विकास के लिए कई अहम ऐलान किए हैं. जो इस प्रकार है.
- ग्राम विटकुली में मांगलिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए
- इन गांवों में सीसी रोड निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये के फंड का ऐलान सीएम ने किया है.
- ग्राम पंचायत कोठमी
- ग्राम पंचायत मोपका
- ग्राम पंचायत कोनी
- ग्राम पंचायत बोरसी
- ग्राम पंचायत कोदवा
- ग्राम पंचायत पाटन
- ग्राम पंचायत रामपुर
सीएम साय का जनता से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आम लोगों से संवाद भी किया। ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा, पेयजल और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी बातें रखीं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को जमीन तक पहुंचाना है.
राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं. सरकार चाहती है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गांवों को आत्मनिर्भर बनाया जाए- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
विकास कार्यों की घोषणाओं से ग्रामीणों में खुशी
करहीबाजार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दौरा विकास और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सांस्कृतिक भवन, सीसी रोड, स्कूल उन्नयन और प्रशासनिक भवन जैसी घोषणाओं से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है. मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल दिखाई दिया. लोगों का कहना है कि लंबे समय से जिन मांगों को लेकर वे प्रयास कर रहे थे, उन्हें अब स्वीकृति मिल गई है. विशेषकर सड़क और स्कूल भवन निर्माण की घोषणाओं को लेकर ग्रामीणों ने संतोष जताया.

