मनेंद्रगढ़ जनपद पंचायत में सीईओ का औचक निरीक्षण, काम से नदारद कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन
मनेंद्रगढ़ जनपद पंचायत का जिला पंचायत सीईओ ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान काम से नदारद दो कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन लिया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 7, 2026 at 2:38 PM IST
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर : मनेंद्रगढ़ जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम ने मंगलवार को जनपद पंचायत का औचक निरीक्षण किया. अचानक हुए इस निरीक्षण से जनपद पंचायत कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली, फाइलों की स्थिति और आम नागरिकों से जुड़े कार्यों की प्रगति की बारीकी से जांच की गई.
दो कर्मचारी रहे नदारद, कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के समय ये सामने आया कि दो कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं थे. इस पर जिला पंचायत सीईओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी. समय पर कार्यालय न पहुंचना और कार्यों में ढिलाई शासन की छवि को नुकसान पहुंचाती है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

आम जनता को परेशान न करने की हिदायत
सीईओ अंकिता सोम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और समयबद्धता अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत आम जनता से सीधे जुड़ा हुआ कार्यालय है, जहां ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं और कार्यों को लेकर आते हैं. ऐसे में कर्मचारियों की अनुपस्थिति या उदासीनता से आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है.निरीक्षण के दौरान सीईओ ने लंबित प्रकरणों की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए.
सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य धरातल पर दिखाई देना चाहिए. भविष्य में भी इसी प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार किए जाएंगे. निरीक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि शासकीय कार्यों में सुधार और अनुशासन कायम करना है- अंकिता सोम, जिला पंचायत सीईओ
आगे भी निरीक्षण रहेगा जारी
अंकिता सोम ने चेतावनी दी है कि यदि आगे भी इस तरह की लापरवाही सामने आई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सीईओ के अचानक निरीक्षण से जनपद पंचायत कार्यालय में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा. कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही और उपस्थिति को लेकर सतर्कता दिखाई दी. निरीक्षण को प्रशासनिक सख्ती और कार्य संस्कृति में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
आल्हामाड़ा धाम में छेरता तिहार का भव्य आयोजन, रामविचार नेताम संग झूमे श्यामबिहारी जायसवाल
धौराभाठा में चूना पत्थर खदान का विरोध, कलेक्टर से खदान नहीं खोलने की अपील
धमतरी में सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद, फुटकर बनाम स्थायी दुकानदारों के बीच लड़ाई

