मवेशियों के चलते बिछाया करंट, चपेट में आकर भाई की ही मौत, पछतावे में दूसरे भाई ने भी दी जान
सूरजपुर में अप्रत्यक्ष रूप से भाई की मौत की वजह बनने पर दूसरे भाई ने आत्मग्लानि में अपनी जान दे दी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 3:59 PM IST
सूरजपुर: जिले के महेशपुर गांव में एक 2 दिनों में 2 भाइयों की मौत से गांव में मातम फैल गया. मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है. जहां एक भाई की दूसरे भाई की लापरवाही से हुई. जिसके बाद दूसरे भाई ने भी आत्मग्लानि (पछतावे में) जान दे दी.
करंट लगने से हुई थी पहले भाई की मौत
जानकारी के मुताबिक 28 फरवरी को गणेश राजवाड़े के घर उनके रिश्ते के भाई नर्मदा राजवाड़े आए थे. गणेश ने अपने बाड़ी (खेत) में मवेशियों से फसल बचाने के लिए तार की फेंसिंग की और उसमें बिजली का करंट छोड़ रखा था. इसी दौरान नर्मदा राजवाड़े पास के हैंडपंप पर हाथ धोने गए. बताया जा रहा है कि हैंडपंप के पास लगे बिजली वाले तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया और मौके पर ही मौत हो गई.
लापरवाही का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में गणेश राजवाड़े के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. रिश्ते के भाई की अचानक मौत और अपने खिलाफ दर्ज अपराध से गणेश गहरे सदमे में था.
दो दिन बाद की आत्महत्या
बताया जा रहा है कि घटना के दो दिन बाद गणेश राजवाड़े ने भी गांव में खुदकुशी कर ली. उसने अपनी टी-शर्ट पर अपनी पत्नी के नाम माफी का संदेश भी लिखा था. फिलहाल सूरजपुर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. एसपी प्रशांत ठाकुर ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

