बदमाशों के हौसले बुलंद, पेट्रोल पंप पर मचाया उत्पात, सूरजपुर पुलिस कर रही तलाश
सूरजपुर में पेट्रोल पंप पर हंगामा करने वाले युवकों की तलाश में पुलिस जुट गई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 1, 2026 at 6:20 PM IST
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले सूरजपुर में क्राइम का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है. यहां के झिलमिली थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर कुछ बदमाश युवाओं ने पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से मारपीट की. पूरी घटना झिलमिली थाना क्षेत्र के खाड़पारा स्थित एक पेट्रोल पंप की है. यहां तैनात कर्मचारियों के साथ युवाओं ने मारपीट की और विवाद किया. मारपीट और विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अब सूरजपुर पुलिस इस केस में एक्शन में है. पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर लिया है.
शनिवार रात की घटना
यह पूरी घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है. यहां कई युवक कार से पेट्रोल पंप पहुंचे और शराब की बोतल लेकर गाड़ी की छत पर बैठकर तेज आवाज में गाने बजाते हुए हुड़दंग करते नजर आए. इस दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद महिला कर्मचारी और अन्य स्टाफ ने उन्हें इस तरह की हरकत करने से मना किया. कर्मचारियों द्वारा समझाइश दिए जाने के बाद युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा लौट आए और पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट और विवाद करने लगे.
उत्पाती युवाओं के खिलाफ केस दर्ज
इस दौरान पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई. पेट्रोल पंप कर्मचारियों की शिकायत पर झिलमिली पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पेट्रोल पंप कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे- अभिषेक पैकरा, एसडीओपी, सूरजपुर
सूरजपुर पुलिस ने दावा किया है कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी. अभी इस केस में एफआईआर दर्ज कर लिया है. आरोपियों की पतासाजी की जा रही है.

