नाबालिगों की मौत के बाद एनिकेट में लगा चेतावनी बोर्ड, सूरजपुर में ETV की खबर का असर
सूरजपुर के मोहरा एनिकेट पर अब बोर्ड लगाकर सेल्फी लेने और नहाने पर प्रतिबंध लगाया गया है. इससे पहले यहां कई मौत हो चुकी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 19, 2026 at 3:31 PM IST
सूरजपुर: जिले में एक बार फिर ईटीवी की खबर का असर देखने को मिला है. मौत का कारण बन रहे मोहरा एनिकेट (स्टॉप डैम) पर खबर प्रसारित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है. मामले में संज्ञान लेते हुए एनिकेट के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड लगाया गया है.
दो नाबालिगों की मौत के बाद मचा हड़कंप
रामनगर और नयनपुर के बीच बहने वाली रेणुका नदी पर बने मोहरा एनिकेट में बीते दिनों दो नाबालिगों की डूबने से मौत हो गई थी. स्थानीय लोगों के अनुसार इस एनिकेट में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें अधिकांश नाबालिग शामिल हैं. पिछले 2 साल में ही सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 6 लोगों की मौत हुई है.
ग्राउंड रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान
ईटीवी की ग्राउंड जीरो रिपोर्ट में इस एनिकेट में हुई मौतों के आंकड़े उजागर किए गए. खबर दिखाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया. प्रशासन ने एनिकेट के दोनों ओर चेतावनी सूचक बोर्ड लगा दिए हैं. बोर्ड पर साफ लिखा गया है कि यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र है. बीते वर्षों में यहां डूबने से कई मौतें हो चुकी हैं. यहां नहाना और सेल्फी लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है.
एनिकेट को दुर्घटना जन्य क्षेत्र घोषित किया गया है. दोनों गांवों के सरपंचों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी व्यक्ति यहां नहाने न जाए- शिवानी जायसवाल, एसडीएम
मरम्मत के भी निर्देश
दुर्घटना के साथ ही ये एनिकेट जर्जर भी हो चुका है, जिससे नदी में गहरे गड्ढे बन गए हैं. मरम्मत और संधारण के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है. लगातार हो रही मौतों ने प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. अब उम्मीद की जा रही है कि चेतावनी बोर्ड और मरम्मत कार्य के बाद इस “मौत के स्टॉप डैम” में हादसों पर रोक लग सकेगी.

