सूरजपुर में ऑन ड्यूटी वनकर्मी से मारपीट, जंगल में गए बीटगार्ड को लाठी-डंडों से पीटा
जंगल में गए वनकर्मी पर कुछ लोगों ने हमला किया है. इसका वीडियो वायरल होने के बाद रेंजर उमेश वस्त्रकार ने नोटिस जारी किया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 27, 2026 at 9:02 PM IST
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां ड्यूटी पर तैनात एक वनकर्मी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
लाठी-डंडे और बेल्ट से की पिटाई
जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र सूरजपुर के देवनगर बीट में पदस्थ बीटगार्ड सुखदेव पैकरा के साथ कुछ लोगों ने लाठी, डंडे और बेल्ट से मारपीट की. आरोप है कि मारपीट के बाद उनसे जबरन डांस भी कराया गया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया.
विभाग को सोशल मीडिया से मिली जानकारी
हैरानी की बात यह है कि वन विभाग को इस गंभीर घटना की जानकारी पहले से नहीं थी. विभाग को पूरे मामले का पता सोशल मीडिया के जरिए चला. वन परिक्षेत्र सूरजपुर के रेंजर उमेश वस्त्रकार ने बताया कि संबंधित वनकर्मी की ओर से घटना की कोई पूर्व सूचना विभाग को नहीं दी गई थी. इसी कारण उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण के लिए बुलाया गया है.
हमें इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है. संबंधित वनकर्मी ने विभाग को पहले कोई सूचना नहीं दी थी, इसलिए उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. प्राप्त तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.- रेंजर उमेश वस्त्रकार
विभागीय कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद विभाग की संचार व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. अगर जंगल में ड्यूटी कर रहे वनकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो जंगलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता होना स्वाभाविक है. फिलहाल पूरे मामले में विभागीय जांच जारी है और सभी की नजरें आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं.

