गिरिडीह के बुलाकी रोड पर दो उम्मीदवारों के समर्थकों में झड़प, पुलिस ने खदेड़ा
गिरिडीह के वार्ड नंबर 18 के बूथ नंबर चार के पास हंगामा हो गया, पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को भगा दिया.

Published : February 23, 2026 at 3:01 PM IST
गिरिडीहः निकाय चुनाव के दरमियान गिरिडीह शहरी इलाके में वैसे अधिकांश बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण हो रहा है. हालांकि सुबह से दोपहर तक दो तीन बूथ के समीप मारपीट की खबर सामने आयी है. दोपहर में नगर थाना इलाके के बुलाकी रोड में वार्ड प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए. यहां धक्का-मुक्की, गाली-गलौज के साथसाथ मारपीट तक हो गई. हालांकि घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस पहुंची. पुलिस ने हंगामा और मारपीट कर रहे लोगों को हटने को कहा. पुलिस के कहने पर जब लोग नहीं हटे तो जवान सख्त हो गए. जवानों ने लाठी चलाना शुरू किया तो मारपीट कर रहे लोग भाग निकले. इस बीच डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह भी पहुंचे जिसके बाद माहौल शांत हुआ.
माहौल को शांत कर दिया गया- डीएसपी
डीएसपी ने कहा कि मामूली नोंक-झोंक हुई थी जिसे शांत कर दिया गया है. यहां बता दें कि इससे पहले सुबह में वार्ड 18 के बूथ नंबर चार के पास हंगामा हुआ. यहां राजू खान समेत अन्य लोग सड़क पर बैठ गए, तो शिवम आजाद के समर्थकों ने राजू खान पर माहौल को खराब करने का आरोप लगाया. गौरतलब हो कि शिवम आजाद की मां वार्ड 18 में निवर्तमान पार्षद हैं और इस बार भी प्रत्याशी हैं. जबकि राजू खान दूसरे प्रत्याशी को समर्थन दे रहे हैं.
एसपी ने लिया बूथों का जायजा, दिए सख्त निर्देश
दूसरी तरफ बूथों पर मतदान की स्थिति और विधि व्यवस्था देखने के लिए एसपी डॉ. बिमल कुमार खुद ही निकले. एसपी ने एक के बाद एक कई बूथों का निरीक्षण किया. साथ ही साथ मौजूद पुलिस पदाधिकारी और जवानों को कई निर्देश भी दिए.
पुलिस पदाधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं
एसपी ने बताया कि गिरिडीह नगर निगम के अलावा धनवार नगर पंचायत और बड़की सरैया नगर पंचायत में मतदान हो रहा है. इन तीनों स्थानों के 166 बूथों पर 200 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों के साथ 1200 जवान की तैनाती की गई है. इसके अलावा सभी डीएसपी, एसडीपीओ इंस्पेक्टर के साथ-साथ थाना प्रभारी लगातार गश्त कर रहे हैं. कहीं भी मतदान बाधित नहीं हुआ है. हर एक सूचना पर पुलिस पहुंच रही है.
यह भी पढ़ें:
झारखंड में निकाय चुनाव की वोटिंग की तैयारी, विभिन्न जिलों के डिस्पैच सेंटर्स से रवाना हुए मतदानकर्मी

